कूटरचित दस्तावेज से हड़पा पैसा, एकही नंबर का चार आधार पकड़ाया 

चन्दौली। जनपद के सदर और मुगलसराय थाने अंतर्गत बीते दिनों कूटरचित दस्तावेज तैयार कर एकही जमीन को कई बार बेचकर पैसा हड़पने और धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया था। जिसमें वादीगणों की तहरीर पर दोनों थाने पर मामले को दर्ज किया गया। तत्परता दिखाते हुए मुगलसराय पुलिस टीम द्वारा आरोपी सुरेश पुत्र बब्बन ग्राम सरौली थाना बलुआ को उसके घर से बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया। आरोपी के पास से एकही नंबर के चार आधार कार्ड और एक पासबुक बरामद हुए।

गौरतलब हो कि वादी राजू पुत्र स्व हीरालाल निवासी ग्राम फुटिया थाना चन्दौली व वादी फराज पुत्र हाजी जुनैद निवासी ग्राम चौरहट पो कटेसर थाना मुगलसराय जिला चन्दौली के द्वारा खुद के साथ धोखाधड़ी करके पहले से विक्रय कर चुके सम्पत्ति का बैनामा करने की बात कहकर धनराशि हड़प लेने के सम्बन्ध में तहरीर दी गई थी।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, अपराध निरीक्षक चन्द्रकेश शर्मा, हे0का0 दिनेश राम थाना मुगलसराय चन्दौली शामिल थे।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि मुझे मेरे सहयोगी आज बुलाये थे कि सभी कागज लेकर आना कुछ काम है।परन्तु ठण्ड ज्यादा होने के कारण तैयारी करके नही जा सका। पुलिस टीम द्वारा पकड़ लिया गया।