मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने कहा—हिंदी और भारतीय रेल देश को एक कड़ी में जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं, काव्य संध्या में रेलकर्मियों ने प्रस्तुत कीं मौलिक रचनाएं
रिपोर्ट - रतन लाल
डीडीयू नगर, चंदौली। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित राजभाषा सप्ताह-2026 का शुक्रवार देर शाम बाकले अधिकारी क्लब में गरिमापूर्ण समापन हुआ। इस अवसर पर आयोजित राजभाषा पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले 12 तथा हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 रेलकर्मियों समेत कुल 33 रेलकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी और भारतीय रेल, दोनों देश को एक कड़ी में जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ समारोह का शुभारंभ
राजभाषा विभाग, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल की ओर से आयोजित समारोह में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, डीडीयू मंडल की अध्यक्षा चित्रा सिंह तथा संगठन की सदस्याओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके अलावा मंडल के शाखा अधिकारी, अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया गया। समारोह की अध्यक्षता अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी सह अपर मंडल रेल प्रबंधक कुलदीप ने की। उन्होंने स्वागत संबोधन के माध्यम से अतिथियों, अधिकारियों और रेलकर्मियों का अभिनंदन किया।
14 से 18 सितंबर तक आयोजित हुआ राजभाषा सप्ताह
रेलवे मंडल में राजभाषा सप्ताह का आयोजन 14 सितंबर से 18 सितंबर 2026 तक किया गया। इस दौरान अधिकारियों और रेलकर्मियों को हिंदी के प्रयोग के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन हुआ। इन कार्यक्रमों में मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 रेलकर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस प्रकार कुल 33 रेलकर्मियों को समारोह के दौरान पुरस्कृत किया गया।
हिंदी देश को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी : मंडल रेल प्रबंधक
समारोह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने हिंदी के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत में अनेक भाषाएं बोली और लिखी जाती हैं, जबकि संविधान में हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में चुना गया है। हिंदी देश के विभिन्न हिस्सों के लोगों के बीच संवाद स्थापित करने और आपसी जुड़ाव बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल जिस प्रकार देश के अलग-अलग क्षेत्रों को रेल नेटवर्क के माध्यम से जोड़ती है, उसी प्रकार हिंदी भी विभिन्न भाषाई और क्षेत्रीय पृष्ठभूमि वाले लोगों के बीच संवाद एवं मेलजोल को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि हिंदी और भारतीय रेल, दोनों देश को एक कड़ी में जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि हिंदी देश में बहुत प्रचलित भाषा है। रेडियो, टेलीविजन और सिनेमा जैसे माध्यमों में भी हिंदी का व्यापक प्रयोग होता है। उन्होंने बताया कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल ‘क’ क्षेत्र में आता है। मंडल में कार्यालई कार्यों के साथ-साथ दैनिक बोलचाल में भी हिंदी का व्यापक उपयोग किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों और रेलकर्मियों से कार्यालई कार्यों में राजभाषा हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने और हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
33 रेलकर्मियों को प्रदान किए गए प्रशस्ति पत्र
मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने राजभाषा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले तथा हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले रेलकर्मियों में उत्साह का माहौल रहा।
काव्य संध्या में रेलकर्मियों ने प्रस्तुत कीं मौलिक रचनाएं
समारोह का विशेष आकर्षण काव्य संध्या रही। इसकी अध्यक्षता सेवानिवृत्त वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी दिनेश चंद्र ने की। काव्य संध्या में डीडीयू मंडल के सहायक कार्मिक अधिकारी सुमित चटर्जी तथा रेलकर्मियों विनोद कुमार, प्रिंस कुमार और नरेंद्र कुमार ने अपनी मौलिक रचनाएं प्रस्तुत कीं। वरीय मंडल वित्त प्रबंधक राहुल राज ने भी एक रचना प्रस्तुत की। काव्य संध्या की अध्यक्षता कर रहे दिनेश चंद्र ने भी अपनी रचना प्रस्तुत की।
काव्य संध्या में ‘हम डीडीयू मंडल हैं’, ‘हिंदी हिंद की है बिंदिया, सुशोभित है ललाट पर’, ‘चाय का नशा’, ‘हिंदी में समझाऊं क्या’ तथा ‘नदी ढूंढ ही लेती है रास्ता अपना’ सहित अन्य रचनाएं प्रस्तुत की गईं। हास्य एवं भावपूर्ण रचनाओं के माध्यम से हिंदी और भारतीय रेल से जुड़े विभिन्न विषयों को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया, जिसका उपस्थित श्रोताओं ने आनंद लिया।
राजभाषा विभाग को मिला 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार
राजभाषा सप्ताह के सफल आयोजन के लिए मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना द्वारा राजभाषा विभाग को 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर राजभाषा विभाग के प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम के अंत में राजभाषा अधिकारी राजेश कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। अधिकारियों, रेलकर्मियों एवं महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ राजभाषा सप्ताह-2026 का गरिमापूर्ण समापन हुआ।