बस छोड़ चालक फरार, डीजल लेने पेट्रोल पंप जा रहा था वृद्ध

चहनिया (चंदौली)। बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर (मझिलेपुर) गांव में पेट्रोल पंप के पास मंगलवार को तेज रफ्तार निजी स्कूली बस की चपेट में आने से साइकिल सवार 65 वर्षीय हरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। समुदपुर निवासी हरेंद्र सिंह साइकिल से कृषि कार्य के लिए डीजल लेने पेट्रोल पंप जा रहे थे। हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी।


हरेंद्र सिंह समुदपुर गांव के रहने वाले थे और घर पर रहकर खेती-किसानी करते थे। मंगलवार को वह कृषि कार्य के लिए डीजल लेने साइकिल से मझिलेपुर स्थित पेट्रोल पंप की ओर गए थे। पेट्रोल पंप के पास सड़क पार करते समय मारूफपुर की तरफ से तेज गति से आ रही निजी स्कूल बस ने उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि हरेंद्र सिंह साइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की गति तेज थी और टक्कर के बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर वहां से निकल गया।

दुर्घटना की जानकारी मिलने पर बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना में शामिल स्कूल बस को कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

बलुआ थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के बाद फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक की पत्नी राधिका देवी तथा पुत्र संजय सिंह गुड्डू और अनिल सिंह का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल बना रहा।