चन्दौली l जिला मजिस्ट्रेट निखिल टी. फुंडे ने बताया कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के विरुद्ध पूर्व में विरोध प्रदर्शन के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा भारी हिंसा, सरकारी व गैर सरकारी सम्पत्ति को क्षति पहुंचायी गई थी। इस सम्बन्ध में मुझे शासन के मंशानुरूप यह कहने का निर्देश हुआ है कि सभी संबंधित अधिकारी सम्यक कार्यवाही करते हुए शान्ति व्यवस्था व आपसी सौहार्द बनाये रखना सुनिश्चित करें।
धर्म गुरुओं के साथ संवाद तथा शान्ति समिति की बैठक कर ली जाए। सीएए के प्रति जागरूकता फैलायी जाय ताकि भ्रम की स्थिति न रहे। समय से नियमानुसार विरोधात्मक कार्यवाही की जाय। आन्दोलन अथवा प्रदर्शन का आह्वान, प्रोत्साहन अथवा समर्थन करने वालों के विरूद्ध अधीसूचना आकलन कर समय से नियमानुसार निरोधात्मक / सुसंगत विधिक कार्यवाही की जाय। प्रभावी अभिसूचना संकलन, बेहतर टीम वर्क, सतत् संवाद स्थापित करते हुए जन सहयोग से वैमनस्यता फैलाने वालों एवं उपद्रवियों के विरूद्ध यथोचित कार्यवाही की जाय।
आवागमन के मुख्य मार्गों (नेशनल हाईवे / स्टेट हाईवे / रेलवे ट्रैक आदि) पर कड़ी निगरानी रखने हेतु समुचित पेट्रोलिंग व्यवस्था "की जाये साथ ही यू०पी0-112 के कर्मियों को समुचित ब्रीफ करते हुए उनका प्रभावी व्यवस्थापन किया जाये। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी दशा में यात्रा/आवागमन के मार्ग बाधित न हों तथा जनसामान्य को कोई कठिनाई न हो। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत् महत्वपूर्ण स्थल मार्गों पर स्थापित सी०सी०टी०डी० कैमरों को क्रियाशील करना सुनिश्चित करते हुए सतत् निगरानी की जाय।
असामाजिक तत्वों से जनजीवन एवं अन्य लोक सम्पत्ति को नुकसान हो सकता है तथा सामाजिक तनाव बढ़ने की प्रबल सम्भावना के दृष्टिगत् निरन्तर सावधानी बरती जाये। विधि विरूद्ध जमावड़े द्वारा सार्वजनिक व व्यक्तिगत् सम्पत्ति को क्षति पहुंचाये जाने पर इसके लिए उत्तरदायी व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए दोषियों के विरूद्ध नियमानुसार सुसंगत् विधिक कार्यवाही व क्षतिपूर्ति वसूली की नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाय।
बच्चों व किशोरों को भ्रमित कर हिंसक प्रदर्शन में सम्मिलित कराने वालों के विरूद्ध भी कठोर कार्यवाही की जाय। प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों द्वारा पत्थरबाजी, आगजनी, तोड़फोड़, फायरिंग आदि किये जाने की सम्भावना के दृष्टिगत् ऐसे स्थानों को चिन्हित कर समुचित उपकरणों से सुसज्जित पुलिस बल की ड्यूटी लगायी जाय। सीएए के प्रावधानों व इसके लाभों से इलेक्ट्रानिक / प्रिंट मीडिया का सहयोग लेते हुए जनसामान्य को अवगत कराते हुए इसका प्रचार-प्रसार कराया जाये ताकि इस सम्बन्ध में लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा न हो।
सीएए के विरोध की आड़ में साजिशकर्ताओं द्वारा अफवाहों के आधार पर साम्प्रदायिक माहौल बिगाड़ने का कुत्सित प्रयास किया जा सकता है। अतः यह सुनिश्चित किया जाये कि किसी भी तरह की अफवाह न फैलने पाये तथा समय से सही तथ्यों से अवगत कराते हुए अफवाहों का खण्डन किया जाये। अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। सोशल मीडिया पर सतत् प्रभावी निगरानी रखी जाये।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले या अन्य किसी भी तरह की अवैधानिक गतिविधियाँ करने पर उत्तरदायी व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध कठोर प्रभावी कार्यवाही की जाय। अपने दूरदर्शी सूझ-बूझ से स्थिति के अनुसार समस्त एहतियातन कार्यवाही करते हुए त्रुटि रहित शान्ति व्यवस्था / कानून व्यवस्था सख्ती से सुनिश्चित की जाये।
0 टिप्पणियाँ