Hot Posts

6/recent/ticker-posts

मौत के मुंह से लौटाया: बेटे से झगड़े के बाद ट्रेन के नीचे कूदा बुजुर्ग

आरपीएफ ने इंजन से सुरक्षित निकाला, चालक की इमरजेंसी ब्रेक ने बचाई जान, परिवार ने दी धन्यवाद

चंदौली, डीडीयू नगर, 31 मार्च 2026: नगर पालिका परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 7, महमूदपुर नई बस्ती के एक बुजुर्ग बेटे से विवाद के बाद इतने नाराज हो गए कि मंगलवार सुबह अप सियालदाह-अजमेर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12987) के आगे कूद पड़े। लेकिन ट्रेन चालक ने महज 10 किमी प्रति घंटा रफ्तार पर इमरजेंसी ब्रेक लगा दी, जिससे ट्रेन रुक गई। इंजन के नीचे फंस चुके बुजुर्ग को आरपीएफ ने होशो-हवास में समझा-बुझाकर सुरक्षित निकाला और परिवार को सौंप दिया।

आरपीएफ स्टेशन पोस्ट के निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि न्यू आरआरआई केबिन के पास कंट्रोल रूम से सूचना मिली। सहायक उपनिरीक्षक राकेश सिंह और अरविंद कुमार सिंह दल-बल के साथ पोल नंबर 673-85 पर पहुंचे। बुजुर्ग इंजन के नीचे फंसे थे, लेकिन पूरी तरह होश में।

 पूछताछ में उन्होंने बताया, "बेटे से झगड़ा हो गया, इसलिए आत्महत्या करने रेलवे ट्रैक पर आया।"चालक ने भी यही पुष्टि की कि ट्रेन स्टेशन के पास धीमी गति से चल रही थी, तभी बुजुर्ग सामने आए। ब्रेक लगाने से ट्रेन रुकी, हालांकि इंजन उन्हें हल्का सा छू गया। 

सूचना पर बुजुर्ग की पत्नी और बेटा आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। समझाने पर बुजुर्ग राजी हो गए। परिवार ने आरपीएफ का आभार माना और बुजुर्ग को घर ले गए।
यह घटना रेल सुरक्षा और मानवीय संवेदनशीलता का बेहतरीन उदाहरण है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ