चंदौली के नवागत पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने चार्ज लेते ही एक्शन मोड में दिखने लगे। अपराधियों को पनाह देने की सुगबुगाहट मिलते ही भ्रष्टाचार की जांच तेज करते हुए गहरी पैठ उजागर कर दी। वहीं सांठगांठ करने के गंभीर आरोप में 02 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया साथ ही 06 को शक के घेरे में आने पर जांच शुरू कर दी है। एसपी ने स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि "कर्तव्य में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वालों को कड़ी सजा दी जाएगी।"
एसपी ने बुधवार को एक विशेष जांच अभियान चलाया, जिसमें कई थानों के पुलिसकर्मी संदेह के घेरे में आ गए। अपराधियों को फरार रहने में मदद करने, उनके खिलाफ कार्रवाई में जानबूझकर देरी करने और रिश्वत लेने जैसे मामलों की परतें खुल रही हैं। जिसमें 2 पुलिसकर्मी नपे हैं और 6 अन्य पुलिसकर्मी पूछताछ के दायरे में हैं। इनमें कुछ कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल शामिल हैं। जिन पर स्थानीय अपराधियों से साठगांठ के सबूत मिले हैं।
एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम विभिन्न थानों जैसे सकलडीहा, चकिया और मुगलसराय के रिकॉर्ड खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में WhatsApp चैट्स, कॉल रिकॉर्ड और गुप्त सूत्रों से प्राप्त जानकारी के आधार पर कार्रवाई हो रही है।
एसपी का बयान: जीरो टॉलरेंस पॉलिसी
जिले के एसपी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "पुलिस का कर्तव्य जनता की रक्षा करना है, न कि अपराधियों का साथ देना। भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।" उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि थानों पर निगरानी बढ़ाई जाए और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
प्रभाव और आगे की कार्रवाई
यह मामला जिले में पुलिस सुधार की मांग को तेज कर रहा है। स्थानीय लोगों ने इसे सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि इससे अपराध दर में कमी आएगी। पुलिस विभाग ने जांच पूरी होने के बाद विभागीय कार्रवाई और कानूनी कदम उठाने की बात कही है। जिला प्रशासन भी इस मामले को गंभीरता से ले रहा है।
0 टिप्पणियाँ