चन्दौली, 14 मई 2026: सकलडीहा पीजी कॉलेज में गुरुवार को जनगणना 2027 के अंतर्गत 'स्व-गणना' विषयक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम देशव्यापी जनगणना अभियान को सफल बनाने के लिए नागरिकों को ऑनलाइन डेटा भरने की प्रक्रिया से परिचित कराने पर केंद्रित था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर प्रदीप कुमार पांडेय ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा, "जनगणना देश की विकास योजनाओं का आधार होती है। प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।"
उन्होंने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे स्व-गणना प्रक्रिया को पूर्ण करें और अपने परिवार-परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। प्राचार्य ने जोर देकर कहा कि सटीक जनगणना से सरकारी योजनाओं का लाभ सही लाभार्थियों तक पहुंचेगा।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर शमीम रैन ने किया।
उन्होंने स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाते हुए बताया कि नागरिक censusindia.gov.in पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से सुरक्षित एवं सरल तरीके से अपने परिवार की जानकारी भर सकते हैं। प्रो. रैन ने डेमो देकर दिखाया कि आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और अन्य विवरणों से रजिस्ट्रेशन कैसे करें, तथा डेटा अपडेट कैसे रखें।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रमुख प्राध्यापकगण उपस्थित रहे, जिनमें प्रो. उदय शंकर झा, प्रो. महेंद्र प्रताप सिंह, प्रो. दयाशंकर यादव, डॉ. संदीप सिंह, डॉ. राजेश यादव, डॉ. अजय यादव, डॉ. रजनीश गुप्ता और डॉ. जितेंद्र यादव शामिल थे। समस्त कर्मचारीगण भी मौजूद रहे। सभी ने जनगणना के राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे 'राष्ट्रहित का कार्य' बताया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने सेल्फ एन्यूमरेशन प्रक्रिया को समझ लिया और इसे समयबद्ध रूप से पूरा करने का संकल्प लिया। महाविद्यालय परिवार ने इस आयोजन को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर जनजागरूकता बढ़ेगी और चन्दौली जिले में जनगणना अभियान को गति मिलेगी।
0 टिप्पणियाँ