Hot Posts

6/recent/ticker-posts

लोकतंत्र में मतदान करें और देश की लगाम सक्षम हाथों में सौंपे: फरहान अहमद

चंदौली। आजकल देश में लोकसभा के चुनावी महायज्ञ की सुगंध हवाओं में हर ओर छाई हुई है। इस महायज्ञ की चौथी आहुति पूरी होने के साथ ही समाज के हर वर्ग में इसे लेकर एक अलग ही जोश भरा हुआ है। यह मतदान को लेकर यह उत्साह केवल आम लोगों में नहीं, बल्कि युवाओं में भी सिर चढ़कर बोल रहा है।

फोटो: फरहान अहमद 

 चुनाव और मतदान को लेकर ग्राम सभा लौदा के युवा फरहान अहमद ने मतदान की अहमियत बताते हुए कहा कि यह लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह वह शक्ति है, जिससे हमारे द्वारा चुनी हुई सरकार देश चलाती है। हर नागरिक का उत्तरदायित्व है कि वह मतदान करे और देश की लगाम सक्षम हाथों में दे। जो मतदान नहीं कर रहा है, वह देश की प्रगति के बारे में नहीं सोच रहा है।

 फिर उसे देश से जुड़ी किसी भी समस्या या तरक्की को लेकर कोई भी टिप्पणी करने का हक नहीं है, चाहे वे टैक्स ही क्यों न भरते हों। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार नागरिक समय निकालकर मतदान करने की जिम्मेदारी को जरूर निभाएगा। मैं किसी भी प्रत्याशी या दल को वोट करने से पहले यह देखता हूं कि उन्होंने अपने क्षेत्र के लिए क्या काम किया है, उनकी पिछली उपलब्धियां क्या रही हैं। 

उन्होंने जो वादे किए थे उस पर कितने खरे उतरे हैं या वादे पूरे न सही, लेकिन उनमें से ज्यादातर पर काम किया है। वे देश की प्रगति के बारे में कितना सोचते हैं। जिस दल या प्रत्याशी ने जो बोला है, अगर उसे करने की उन्होंने कोशिश नहीं की है तो मैं उस पर अपना वोट जाया नहीं करूँगा। 

जो देश से प्रेम करता है, धीरे ही सही, लेकिन अपने वादों को पूरा करता है, उनसे मुझे कोई दिक्कत नहीं है। अपने देश और लोगों को आगे बढ़ाने के लिए जो दल या प्रत्याशी मेहनत करते हैं, अपने क्षेत्र और देश की सुरक्षा और लोगों के बारे में सोचते हैं, छोटी-छोटी चीजों पर उनका ध्यान है और उन्हें ठीक करके बड़े बदलाव लाना चाहते हैं, देश में खुशहाली बनाए रखने के लिए अग्रसर हैं, वही मेरे लिए योग्य प्रत्याशी है। मैं उसे ही वोट करूँगा और उसका साथ दूँगा।


मेरे लिए मतदान करना बेहद व्यक्तिगत है। यह केवल एक कर्तव्य पूरा करने के बारे में नहीं है, बल्कि वोटिंग के जरिए यह मेरे मूल्यों और विश्वास को व्यक्त करने का एक तरीका है। हर पांच साल में जब मैं वोट देता हूं तो मैं सशक्त महसूस करता हूं। अच्छा लगता है यह जानकर कि मेरी आवाज, मेरा वोट देश की दिशा तय करने में मायने रखता है। यह मेरे लिए उन लोगों के संघर्षों का सम्मान करने का एक तरीका है, जो मुझसे पहले आए और वोट देने के अधिकार के लिए लड़े। 

यही कारण है कि मैं एक नागरिक के तौर पर इस जिम्मेदारी को गंभीरता से लेता हूं। मैं सुनिश्चित करता हूं कि मुझे चुनावी प्रक्रिया के बारे में जानकारी हो और मैं उसमें शामिल हो सकूं। मतदान न करना देश की दिशा पर नियंत्रण छोड़ने जैसा है। मतदान बदलाव लाने, हमारे भविष्य पर नियंत्रण करने और इसे नया आकार देने का अवसर है, जिसमें सक्रिय रूप से भाग लेना आवश्यक है। मेरे लिए किसी भी पार्टी को वोट देने के लिए विश्वसनीयता और पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्धता ये कुछ ऐसे गुण हैं, जिन पर समझौता नहीं किया जा सकता। 

मेरा मानना है कि लोगों की सेवा करने के लिए ईमानदारी, सहानुभूति को प्राथमिकता देना आवश्यक है। हमें ऐसे नेताओं के लिए मतदान करना चाहिए, जो ईमानदार हों और अपने मतदाताओं की जरूरतों को समझते हों।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ