संवैधानिक अधिकारों की दी गई जानकारी, किसी भी समस्या में कानून का सहारा लें छात्राएं- प्राचार्य
चंदौली, जिले के सकलडीहा पीजी कॉलेज में प्राचार्य प्रोफेसर प्रदीप कुमार पांडेय के नेतृत्व में मिशन शक्ति–5 के अंतर्गत छात्राओं को कानूनी जानकारी एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा, कानूनों की जानकारी, आत्म सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के प्रति सचेत करना रहा.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपप्राचार्य प्रोफेसर दयानिधि सिंह यादव ने कहा कि छात्राओं को अपने संवैधानिक अधिकारों, महिला सुरक्षा कानूनों तथा सरकारी सहायता योजनाओं की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे किसी भी प्रकार की समस्या में कानून का सहारा लेकर स्वयं को सुरक्षित रख सकें.
कार्यक्रम के प्रभारी प्रोफेसर दयाशंकर सिंह यादव समाजशास्त्र विभाग ने मिशन शक्ति- 5 की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रमुख कानूनों, जैसे—घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न निषेध अधिनियम, महिला हेल्पलाइन व पुलिस सहायता तंत्र की जानकारी दी.
इस अवसर पर प्रोफेसर महेंद्र प्रताप सिंह ने महिलाओं से संबंधित कानूनी प्रावधानों की सामाजिक उपयोगिता पर चर्चा की. डॉ. वंदना कुमारी ने छात्राओं को आत्मरक्षा, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी. डॉ. सीता मिश्रा ने महिला अधिकारों की संवैधानिक व्यवस्था पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. यज्ञनाथ पांडे ने कानून के प्रति जागरूकता को सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बताया.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं की सहभागिता रही. अंत में प्रोफेसर दयाशंकर सिंह यादव ने सभी वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कानूनी जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं को आत्मविश्वासी एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
0 टिप्पणियाँ