जागरूकता हेतू निकाली गई बाइक रैली, एआरटीओ ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
चन्दौली। केंद्र सरकार और परिवहन विभाग की पहल पर आमजन में जागरूकता बढ़ाने तथा सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ किया गया है।
इस दौरान एआरटीओ धनवीर यादव और ट्रैफिक इंस्पेक्टर द्वारा गुरुवार को अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन की शपथ दिलाई गई।
यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता देने की अपील की गई।तदोपरांत बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
एआरटीओ ने दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठे व्यक्ति को बीआईएस मानक वाला हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का उपयोग करने पर जोर दिया।
साथ ही लेन ड्राइविंग, नियंत्रित गति, गलत दिशा में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प भी दिलाया।
राहगीर योजना की दी गई जानकारी:
इस दौरान एआरटीओ ने केंद्र सरकार की "राहगीर योजना" के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने वाले नेक नागरिक को भारत सरकार की ओर से 25 हजार रुपए का इनाम दिया जाता है। ऐसे व्यक्ति को पुलिस या अस्पताल में पूछताछ के नाम पर परेशान नहीं किया जाएगा।
धनवीर यादव ने लोगों से इस योजना का लाभ उठाने और मानवता की भावना से आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन 1 जनवरी से 31 जनवरी तक किया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम और निरीक्षण अभियान चलाए जाएंगे।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश यादव ने बताया कि देश में होने वाली लगभग 50 प्रतिशत मौतें सड़क दुर्घटनाओं के कारण होती हैं। गलत दिशा में वाहन चलाना, तेज रफ्तार और कोहरे के दौरान लापरवाही इसकी प्रमुख वजहें हैं। उन्होंने धुंध में सड़क किनारे वाहन खड़ा न करने, सर्विस लेन और मेन हाईवे का सही उपयोग करने की अपील भी की।
बाइक चलाते समय हेलमेट तथा कार चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करने की अपील
अंत में एआरटीओ धनवीर यादव ट्रैफिक इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश यादव द्वारा बाइक चलाते समय हेलमेट तथा कार चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की गई। इस मौके पर आरआई आलोक कुमार, जितेंद्र सरोज, सौरभ सिंह, प्रभाकर दुबे, सुरेश कुमार सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे ।