उपकेंद्र पर धरना; एसडीओ ने 29 अप्रैल तक पुराना ट्रांसफॉर्मर लगाने का आश्वासन दिया
कमालपुर, चंदौली। कस्बा क्षेत्र के इनायतपुर गांव में बिजली की आपूर्ति को लेकर शुक्रवार को बड़ा हंगामा हो गया। यहां 100 केवीए क्षमता वाला पुराना ट्रांसफॉर्मर अवर अभियंता डालचंद ने अचानक उतारकर कहीं और भेज दिया और उसकी जगह महज 63 केवीए का छोटा ट्रांसफॉर्मर लगा दिया। ग्रामीणों ने जब अभियंता से इसका कारण पूछा तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ऊपर से 18 घंटे बीतने के बावजूद बिजली चालू नहीं हुई, जिससे पूरा गांव अंधेरे में डूब गया। गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा मचा दिया और पावर हाउस पर शांतिपूर्ण धरना शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ सुधीर कुमार फौरन मौके पर पहुंचे। इसी बीच सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने अपने प्रतिनिधि अन्नू सिंह को गांव भेजा। एसडीओ ने तुरंत बिजली आपूर्ति बहाल कराई और ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया कि 29 अप्रैल शाम तक 100 केवीए का पुराना ट्रांसफॉर्मर दोबारा लगा दिया जाएगा। इस आश्वासन पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
धरने के दौरान जलील अंसारी, सतीश मौर्य, धर्मेंद्र तिवारी, राम अवतार, मुन्ना राजभर, कैलाश राजभर, जगदीश, बबलू, बीरेंद्र गोंड, नीरज, शिव प्रकाश विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि छोटे ट्रांसफॉर्मर से बिजली की लोड क्षमता कम हो जाएगी, जिससे गर्मी के मौसम में पंखे-कूलर चलाना मुश्किल हो जाएगा। अब सभी की नजरें 29 अप्रैल पर टिकी हैं।
0 टिप्पणियाँ