करोड़ों की ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, 1.42 करोड़ रुपये होल्ड
सटीक संवाद। चंदौली- साइबर थाना चंदौली पुलिस ने देशव्यापी ऑनलाइन ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। "सत्कार निधि लिमिटेड" के नाम से फर्जी माइक्रो फाइनेंस कंपनी बनाकर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक महिला समेत 3 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने ठगी के 1.42 करोड़ रुपये होल्ड करा दिए हैं।
कैसे देते थे झांसा?
गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया और मोबाइल कॉल के जरिए लोगों को कम ब्याज दर पर लोन का प्रलोभन देते थे। लोन स्वीकृत कराने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी मनी, बीमा शुल्क आदि के नाम पर 5 हजार से 25 हजार रुपये तक वसूल लेते थे। साइबर फ्रॉड का पैसा भी इन्हीं फर्जी खातों में मंगवाया जाता था।
16 राज्यों में शिकायत, 1.42 करोड़ होल्ड
राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर इस गिरोह के खिलाफ 16 राज्यों से शिकायतें दर्ज हैं। गौतमबुद्धनगर में भी धोखाधड़ी का केस दर्ज है। शुरुआती जांच में गिरोह द्वारा 1,42,00,000 रुपये की देशव्यापी ठगी का खुलासा हुआ है, जिसे NCRP पोर्टल के जरिए होल्ड करा दिया गया है।
कैसे करते थे काम?
1. फर्जी खाते: सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया बबुरी शाखा समेत कई बैंकों में कूटरचित दस्तावेजों से खाते खुलवाए।
2. कमीशन सिस्टम: साइबर फ्रॉड का पैसा खाते में आने पर 1.5% कमीशन काटकर बाकी रकम सहयोगियों के जरिए खपा देते थे।
3. फर्जी आधार: गिरफ्तारी से बचने के लिए असली फोटो लेकिन फर्जी नाम-पते वाले आधार कार्ड बनवा रखे थे।
छापेमारी में क्या मिला?
चंदौली स्थित कार्यालय पर छापेमारी के दौरान पुलिस को 03 सीपीयू, 03 मॉनिटर, 02 प्रिंटर, 350 पासबुक, 03 फर्जी आधार कार्ड, 11 मोहरें, 21 रजिस्टर, 06 ब्लैंक चेक, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। आरोपी कार्यालय बंद कर सामान हटाकर भागने की फिराक में थे।
गिरफ्तार अभियुक्त:
1. विरेन्द्र कुमार - निवासी बर्थरा बुर्द, थाना चंदौली
2. आशीष पटवा - निवासी बबुरी बाजार, थाना बबुरी
3. सोनी - पत्नी शिवपूजन, निवासी शाहपुर, थाना चकिया
इनके खिलाफ थाना साइबर क्राइम चंदौली में मु0अ0स0-014/2026 धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 339, 3(5) बीएनएस एवं 66-डी आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज है।
पुलिस की अपील
अपर पुलिस अधीक्षक सदर ने जनसामान्य से अपील की है कि किसी भी अनजान संस्था के बहकावे में आकर ऋण या निवेश के नाम पर पैसा जमा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या http://www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई को प्रभारी मिर्जा रिजवान बेग के नेतृत्व में हे0का0 संतोष कुमार सिंह, का0 अंकित गिरि, का0 अनिल कुमार प्रजापति, का0 नौशाद व मा0का0 पूजा सिंह की टीम ने अंजाम दिया।
0 टिप्पणियाँ