चन्दौली — पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल ने थाना अलीनगर पर तैनात उपनिरीक्षक ना०पु० वीरेन्द्र यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर कर्तव्यपालन में स्वेच्छाचारिता, अनुशासनहीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के गंभीर आरोप हैं। निलंबन काल में वे पुलिस लाइन, चन्दौली से सम्बद्ध रहेंगे और उनके विरुद्ध विभागीय जांच आरंभ कर दी गई है।
आरोपों था कि 28.05.2026 को हुई स्वर्ण व्यवसायी से लूट की जांच में पता चला कि उसी दुकान पर कुछ दिन पहले टप्पेबाजी की घटना हुई थी; सूचना होने के बाद भी उपनिरीक्षक ने कोई कार्रवाई नहीं की।
एक युवती के सुसाइड नोट छोड़कर गायब होने के मामले में लगभग दो माह प्रकरण लंबित रहने के बाद भी उचित जांच नहीं की गई। जानकारी के अनुसार युवती की मौत उसी दिन थाना रामनगर, वाराणसी में हुई थी, पर उपनिरीक्षक ने अधिकारियों को भ्रामक जानकारी दी और आसपास के जनपदों के अज्ञात शवों की पड़ताल का दावा किया।उनकी लापरवाही के कारण परिवार को बिना सूचित किए युवती का अंतिम संस्कार अज्ञात शव के रूप में कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि जनता की शिकायतों पर त्वरित और उचित कानूनी कार्रवाई न करना तथा अनुशासनहीनता किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस की छवि धूमिल करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध कड़े दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।
0 टिप्पणियाँ