Hot Posts

6/recent/ticker-posts

चंदौली में 20 ढाबा संचालकों तथा 5 ड्राइवरों के खिलाफ 12 मुकदमे दर्ज

चंदौली, 07 जुलाई — जनपद पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग कर यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले ढाबा और होटल संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देश पर चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत 20 ढाबा- होटल संचालकों और 5 वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 12 अभियोग पंजीकृत किये गये हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पहले सभी ढाबा संचालकों को नोटिस देकर चेतावनी दी जा चुकी थी कि वे अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने मुख्य मार्ग पर वाहन खड़ा न करवाएं। चेतावनी के बावजूद नियमों के उल्लंघन और वाहनों के अवैध रूप से सड़कों पर खड़े होने से यातायात प्रवाह बाधित हो रहा था तथा गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा था, जिसके चलते यह कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई।

थानावार कार्रवाई का ब्योरा:
थाना चन्दौली: 6 ढाबा/होटल संचालकों के विरुद्ध 3 अभियोग दर्ज।
थाना सैयदराजा: 3 ढाबा/होटल संचालकों और 5 वाहन चालकों के विरुद्ध 3 अभियोग दर्ज।
थाना अलीनगर: 8 ढाबा/होटल संचालकों के विरुद्ध 5 अभियोग दर्ज।
थाना मुगलसराय: 3 होटल/ढाबा संचालकों के विरुद्ध 1 अभियोग दर्ज; अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में सड़कों की सुरक्षा व सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। जिन्होंने भी यातायात नियमों का उल्लंघन कर अवैध पार्किंग करायी, उनके विरुद्ध सख्त और त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गयी है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी अव्यवस्था या अवैध पार्किंग की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा और सार्वजनिक सुरक्षा को प्रभावित करने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। शिकायतें मिलते ही पुलिस द्वारा आवश्यकतानुसार जागरूकता तथा दंडात्मक कार्रवाई दोनों की जाएंगी ताकि हाईवे व मुख्य मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ