चंदौली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. परितोष मिश्रा ने मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) स्थित राजकीय महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, विशेषकर प्रसूति एवं प्रसवोपरांत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया तथा चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, प्रसव कक्ष, नवजात शिशु देखभाल व्यवस्था, ओपीडी, दवा वितरण व्यवस्था तथा साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती महिलाओं से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और उपचार व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. के. चतुर्वेदी ने अस्पताल की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं की विस्तृत जानकारी सीएमओ को दी।
निरीक्षण के बाद डॉ. परितोष मिश्रा ने कहा कि यह अस्पताल पहले एक प्रसूति केंद्र के रूप में संचालित होता था, लेकिन वर्तमान में राजकीय महिला चिकित्सालय के रूप में बेहतर ढंग से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रसव एवं प्रसवोपरांत महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
सीएमओ ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए चिकित्सा अधीक्षक के साथ विस्तार से चर्चा की गई है। जिन संसाधनों और सुविधाओं की आवश्यकता होगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र की महिलाओं और नवजात शिशुओं को उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि सभी मरीजों को समय पर उपचार, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण, आवश्यक दवाएं तथा सरकार द्वारा संचालित सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने, अस्पताल की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार करने तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। सीएमओ ने सभी कर्मचारियों से मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और अस्पताल की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाने की अपील की।
0 टिप्पणियाँ