चन्दौली। कोतवाली चन्दौली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 44.155 लीटर अवैध शराब और 12 लीटर बीयर बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में 27 जुलाई 2026 की रात कस्बा चन्दौली स्थित फल एवं सब्जी मंडी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बैग में अवैध शराब और बीयर लेकर मझवार रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-2 के अंदर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक तरुण कुमार कश्यप, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र कुमार यादव, कांस्टेबल दीपक कुमार एवं कांस्टेबल उमंग राय की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को रात करीब 10:43 बजे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 44.155 लीटर अवैध शराब तथा 12 लीटर बीयर बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रदीप कुमार (34 वर्ष), निवासी करुप, थाना शिवसागर, जिला रोहतास (बिहार) तथा हिमांशु सिंह (19 वर्ष), निवासी डियरा, थाना कुदरा, जिला कैमूर (बिहार) के रूप में हुई।
बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली चन्दौली में मु0अ0सं0 406/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि जनपद में अवैध शराब की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
0 टिप्पणियाँ