आरवाईए का राज्यसम्मेलन 10- 11 मार्च को लखनऊ में होगा आयोजित
चंदौली l इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) राज्य कमेटी की शनिवार को मुगलसराय में देर रात्रि तक आयोजित एक बैठक में लखनऊ, वाराणसी, इलाहाबाद, रायबरेली, मिर्जापुर, गाजीपुर, बलिया, महराजगंज,बस्ती,गोरखपुर से नेतृत्वकारी शामिल हुए।
बैठक में प्रदेश सचिव सुनील मौर्य ने कहा कि सरकार रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे के साथ सत्ता में आई लेकिन रोजगार देने के वजाय अक्षत बांटने और नफरत फैलाने में लगी है । आज पूरे देश का नौजवान रोजगार के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है लेकिन सरकार रेल समेत लगभग सभी सरकारी संस्थाओं को निजी हाथों में सौंप कर रोजगार देने से पीछे हटती जा रही है। दो करोड़ रोजगार की बात छोड़िये,स्थाई रोजगार को भी सरकार भरने के बजाय खत्म करने में लगी हुई है।
69000 शिक्षक भर्ती आरक्षण घोटाला के खिलाफ लड़ रहे नौजवानों को न्याय नहीं मिल रहा है। उत्तर प्रदेश समेत देश भर में जाति जनगणना की मांग आरवाईए करता है लेकिन सरकार कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है। उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में नौजवान रोजगार आयोग में भ्रष्टाचार,पेपर लीक,आरक्षण घोटाला,नकल माफियाओं के खिलाफ,प्रदेश में जाति जनगणना कराने के लिए सड़कों पर लड़ने के लिए मजबूर है लेकिन सरकार इन मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। पुलिस भर्ती में भर्तीबोर्ड के अनुमान से अधिक 50.14लाख आवेदन यूपी में बेरोजगारी की भयावह स्थिति को दिखाती है l एससी, एसटी, ओबीसी, महिलाओं को फार्म की फीस में छूट न होना वंचित तपके से अन्याय है। इस भर्ती में वेटिंग लिस्ट जारी करने की मांग की। इस सवाल पर राज्यपाल महोदया को 25जनवरी को ज्ञापन देने का फैसला किया है।
आरवाईए के प्रदेश सहसचिव व चंदौली के जिला सचिव ठाकुर प्रसाद ने कहा कि जब से भाजपा की सरकार केंद्र की सत्ता में आई है तबसे महिलाओं व दलितों पर बेतहाशा दमन बढ़ गया है। उत्तर प्रदेश की डबल इंजन वाली योगी सरकार में दमन दो कदम आगे है। देश का नाम रौशन करने वाली महिला पहलवानों के साथ यौन हिंसा करने के आरोपी गोंडा से भाजपा सांसद को बचाने में पूरी सरकार को लगा दिया। नाबालिक लड़की के बलात्कार के आरोपी को भाजपा दुद्धी सोनभद्र से टिकट देकर विधायक बनाती है जिसको कोर्ट ने 25 साल जेल व 10 लाख जुर्माना की सजा सुनाई।
बीएचयू परिसर में आईआईटी छात्रा के साथ बलात्कार करने वाले भाजपा आईटी सेल के सदस्यों को बचाने की पूरी कोशिश हुई। जन दबाव के चलते उनको 31दिसंबर को गिरफ्तार किया ताकि नए साल के जश्न में भाजपा के बलात्कारी चाल, चरित्र, चेहरा पर चर्चा न हो सके। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद कार्यस्थलों व अन्य संस्थानों में यौन उत्पीड़न के खिलाफ प्रभावी कमेटियां नदारद हैं। वर्तमान सरकार में दलितों के खिलाफ होने वाली हिंसा में बेतहाशा वृद्धि हुई है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में दलित छात्र नेता की चीफ प्राक्टर द्वारा बर्बर पिटाई के बावजूद एफआईआर तक दर्ज नहीं हुआ।
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पूरी तरह से नौजवान व गरीब विरोधी नीति लागू कर रही है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। गरीबों,आदिवासियों, दलितों पर फर्जी एनकाउंटर कराकर कानून व्यवस्था बेहतर होने का दंभ भर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार रेल समेत सभी सार्वजनिक क्षेत्रों का निजीकरण करके रोजगार खत्म कर रही है और जो सरकारी नौकरी में आरक्षण मिलता था वो भी समाप्त हो जा रहा है। मोदी सरकार 10 साल में 20करोड़ रोजगार देने का वादा पूरा करने में पूरी तरह फेल साबित हुई।दुनिया में सबसे ज्यादा 35.6 करोड़ युवा आबादी के बावजूद नौजवान लगातार आत्महत्या के लिए मजबूर है।यह सब तब है जब केंद्र में बैठी मोदीनीति की भाजपा सरकार रोजगार देने के मसले पर पूरी तरह फेल है। नई शिक्षा नीति के द्वारा सरकार शिक्षा को बाजार के हवाले कर दे रही है। पहले भी पैसे के अभाव में गरीब नौजवान पढ़ाई से वंचित रह जाते थे अब गरीबों का पढ़ना ही बंद हो जाएगा।
शहीद ए आजम भगत सिंह व बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों का भारत बनाने के लिए आगे बढ़ने,महिलाओ की बेखौफ आजादी, समान शिक्षा व सम्मानजनक रोजगार के अधिकार के लिए नफरत नहीं जवाब दो, 10 साल का हिसाब दो अभियान के तहत 20हजार नौजवानों को संगठन से जोड़ते हुए इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) 10- 11 मार्च को लखनऊ में राज्य सम्मेलन करेगा।
बैठक में राजीव गुप्ता, अमरेश भारती, ठाकुर प्रसाद, राधा, कमलेश यादव, सोनू यादव, भुआल आनंद, सुरेंद्र यादव, रमेश चौहान, कवि खरवार, अनिल, सुनील, शशिकांत सिंह, सतीश यादव, प्रदीप कुमार, अखिलेश कुशवाहा ,अभिषेक , नीरज, ओमप्रकाश सिंह शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ