Hot Posts

6/recent/ticker-posts

नौगढ़ तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस

भीम आर्मी ने DM के सामने रखीं ग्रामीण समस्याएं, तत्काल निस्तारण का आश्वासन; आंदोलन की चेतावनी

चंदौली के नौगढ़ तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग के समक्ष रखा। DM ने सभी मुद्दों का तत्काल निस्तारण करने का आश्वासन दिया, जिससे ग्रामीणों में भरोसा जगा।हालांकि, समस्या समाधान न होने पर भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष राम चन्द्र राम ने बड़े आंदोलन की चेतावनी जारी की है।

कार्यक्रम जिलाधिकारी श्री चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में नौगढ़ तहसील मुख्यालय पर आयोजित हुआ। भीम आर्मी जिलाध्यक्ष माननीय राम चन्द्र राम के निर्देश पर तहसील अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार और जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट दिनेश कुमार ने प्रमुख समस्याओं को DM के सामने रखा। इनमें ग्रामीण विद्युतीकरण, क्षतिग्रस्त पुलिया और बुनियादी सुविधाओं की कमी प्रमुख थीं।

औरवाटॉड में 78 साल बाद भी अंधेरा: ढिबरी का सहारा, सर्प-विच्छु का भय
तहसील अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार ने औरवाटॉड गांव की विद्युतीकरण समस्या पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "महोदय, औरवाटॉड की हालत अंधेर नगरी-चौपट राजा जैसी है। आजादी के 78 वर्ष बाद भी यहां के निवासी ढिबरी युग में जी रहे हैं। कई सरकारें आईं, प्रधान, सांसद, विधायक आए-गए, लेकिन बिजली का कनेक्शन नहीं। अंधेरे में सर्प-विच्छु के डंक झेल रहे हैं ग्रामीण। न्याय हो, आजाद भारत के नागरिक गुलामी की जंजीरों में न रहें।"

विशेषरपुर में ध्वस्त पुलिया से हादसे: बच्चे-महिलाएं-पशु प्रभावित, एक युवक जीवन-मृत्यु के बीच जूझ रहा है।
जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट दिनेश कुमार और कार्यकर्ता विवेक कुमार ने विशेषरपुर के प्राथमिक विद्यालय मुसहर बस्ती के पास राजवाहा नहर पर ध्वस्त पुलिया की समस्या पत्र के माध्यम से रखी। विवेक कुमार ने बताया, "महोदय, विगत दो वर्षों से जर्जर पुलिया 25 जुलाई 2024 को पूरी तरह ध्वस्त हो गई। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से कई बार अवगत कराया, लेकिन अधिकारी सुनते ही नहीं। इस पुलिया पर बच्चे, महिलाएं, पुरुष और पशु गिरकर घायल हो चुके हैं। 19 मार्च 2026 को दिलीप कुमार पाल गिर पड़े, जो आज भी जीवन-मृत्यु के बीच झूल रहे हैं। गांव की दुर्दशा को देखिए।"

DM श्री चन्द्र मोहन गर्ग ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। इससे उपस्थित ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं में संतोष का भाव दिखा।

आंदोलन की चेतावनी: सुनवाई न हुई तो जिम्मेदार DM
फोन वार्ता में भीम आर्मी जिलाध्यक्ष राम चन्द्र राम ने कहा, "अगर समस्याओं पर सुनवाई नहीं हुई और निस्तारण नहीं हुआ, तो नौगढ़ में बड़ा आंदोलन होगा। इसके जिम्मेदार जिलाधिकारी महोदय होंगे।"

कार्यक्रम में विवेक कुमार, विनोद कुमार, कन्हैया लाल, सत्यनारायण, हंसलाल, छोटन कुमार, वृजेश कुमार, कमलेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और भीम आर्मी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अब सवाल यह है कि DM के निर्देशों पर अधिकारी कितनी जल्दी अमल करेंगे?

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ