4 ट्रक जब्त, 2.5 लाख का जुर्माना
चंदौली। मुगलसराय रेंज में वन विभाग और प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने अवैध कोयला कारोबार पर शिकंजा कसते हुए कल रात को बड़ी छापेमारी की। इस कार्रवाई से अवैध नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। टीम ने बिना किसी वैध परमिट के चार कोयला लदे ट्रकों को पकड़ लिया और सैकड़ों टन कोयला जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुगलसराय रेंज के जंगली इलाकों में अवैध रूप से कोयला लादकर ट्रकों से परिवहन किया जा रहा है। इस पर रेंज अधिकारी की अगुवाई में टीम ने छापा मारा। मौके पर चार ट्रक बरामद हुए, जिनमें भारी मात्रा में कोयला लदा था। प्रारंभिक जांच में कोयले का वजन सैकड़ों टन आंका गया है। ट्रक चालकों के पास कोई परमिट या वैध दस्तावेज नहीं मिले।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने ट्रकों को जब्त कर चालकों पर करीब 2.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। विभाग अब इस अवैध नेटवर्क की गहन जांच में जुटा है, जिसमें बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश होने की संभावना है। वन अधिकारी ने बताया कि जंगल क्षेत्रों से कोयला चोरी रोकने के लिए अब सतत निगरानी बढ़ा दी गई है। यह कार्रवाई पर्यावरण संरक्षण और अवैध व्यापार पर लगाम कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
0 टिप्पणियाँ