चंदौली। डीडीयू तारीघाट पैसेंजर एक्सप्रेस में एक अज्ञात युवक ने यात्रियों के बीच दहशत मचा दी। ट्रेन में सवार एक युवक को उसने करीब से सिर में गोली मार दी और फिर शव को ट्रेन से नीचे पटरी पर फेंक दिया। घटना सकलडीहा के पास हुई, जहां ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर हमलावर उतर पड़ा और फरार हो गया। उसके पास दो संदिग्ध पिट्ठू बैग भी थे, जो मौके पर मिले हैं।
ट्रेन में सफर कर रहे एक सतर्क यात्री ने खौफ के बीच 112 हेल्पलाइन पर तुरंत सूचना दे दी। सूचना मिलते ही अलीनगर, चंदौली, सकलडीहा थाना पुलिस के साथ जीआरपी की टीम मौके पर पहुंच गई। जीआरपी ने डीडीयू स्टेशन पर शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगारने के साथ आसपास के क्षेत्र में छापेमारी शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर ने वारदात को अचानक अंजाम दिया। ट्रेन की भीड़ में घुसकर उसने युवक को गोली मारी और बिना किसी हिचकिचाहट के शव को बाहर फेंक दिया। दो पिट्ठू बैगों में क्या था, इसकी पड़ताल तेज हो गई है। बैगों से कोई सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है, लेकिन उसके पास मिले कागजातों से सुराग मिल सकते हैं।
यह घटना रेल यात्रियों के लिए खतरे की घंटी बजा रही है। स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर सुरक्षित यात्रा की अपील की है। जीआरपी और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। आगे की कार्रवाई जारी है।
0 टिप्पणियाँ