Hot Posts

6/recent/ticker-posts

"विकसित भारत 2047" पर गोष्ठी

योजनाओं का लाभ कैसे पहुँचाएं, सकलडीहा पीजी कॉलेज में जागरूकता 

चन्दौली 10 जून 2026। — सकलडीहा पी.जी. कॉलेज में आज "विकसित भारत 2047 एवं जनकल्याणकारी योजनाएँ" विषयक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने की।

प्राचार्य प्रो. पांडेय ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब युवा राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएँ। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुरोध किया कि वे केन्द्र एवं राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक उसका लाभ पहुँचाने के लिए आगे आयें।

कार्यक्रम अधिकारी व समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. दयाशंकर सिंह यादव ने विकसित भारत 2047 की अवधारणा पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं की जागरूकता और सक्रिय सहभागिता से ही भारत अपनी वैश्विक स्थिति और मजबूत कर सकेगा।

इस अवसर पर प्रो. दयानिधि सिंह यादव ने शिक्षा व सामाजिक विकास के परस्पर संबंधों पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रो. उदय शंकर झा ने राष्ट्र निर्माण में युवा वर्ग की भूमिका पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच व सामाजिक उत्तरदायित्व अपनाने के लिए प्रेरित किया।

 डॉ. अनिल तिवारी ने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव और समाज में उनकी उपयोगिता पर विस्तृत चर्चा की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं। 

उपस्थित प्रतिभागियों ने विषय पर विचार व्यक्त किए और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने हेतु सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। धन्यवाद ज्ञापन श्री अजय कुमार यादव ने दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ