Hot Posts

6/recent/ticker-posts

ओरवा सरकारी तालाब में अवैध खनन पर शिकंजा, जेसीबी-ट्रैक्टर सीज, मालिकों और चालकों पर कार्रवाई

चंदौली, 27 जून — उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र के ओरवा सरकारी तालाब में अवैध मिट्टी खनन के आरोप पर प्रशासन ने शुक्रवार देर रात बड़ी कार्रवाई की। पुलिस व खनन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके से एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर जब्त कर सीज कर दिए हैं, जबकि कुछ ड्राइवरों को हिरासत में लिया गया है। मामले में वाहन मालिकों व खनन माफियाओं के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


घटना सकलडीहा कोतवाली अंतर्गत ओरवा गांव के सरकारी तालाबों में तब सामने आई जब स्थानीय लोगों की शिकायत पर थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर कई ट्रैक्टर चालक फरार हो गए, लेकिन एक जेसीबी चेसीस नं0-HAR3DXSSV02976824
औरएक ट्रैक्टर बिना नम्बर प्लेट चेसीस नं0-IPY5050DTGA024216  पकड़ लिए गए। दोनों वाहनों को खनन निरीक्षक सिद्धार्थ शंकर पांडेय के पहुंचने पर सीज किया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि जेसीबी से निकाली गई मिट्टी को ट्रैक्टरों से ढोकर ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था। वे बताते हैं कि मिट्टी से लदे ट्रैक्टर तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे क्षेत्र में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। साथ ही अवैध खनन से सरकारी राजस्व को नुकसान के साथ पर्यावरण व कृषि भूमि की सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि जब्त वाहन सीज कर दिए गए हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से पंजीकृत कृषि ट्रैक्टरों के व्यावसायिक उपयोग पर सख्ती तथा अवैध खनन रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ