बेइज्जती के बदले नाबालिग ने दिया खौफनाक अंजाम, पोस्टमार्टम में गला घोंटने से मौत
चंदौली के करजरा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमें पांच साल के मासूम कार्तिक सिंह की हत्या की गई। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी बच्चा का ही नाबालिग फुफेरा भाई है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक कुछ दिनों पहले मोबाइल से लगभग तीन हजार रुपये किसी युवक के खाते में भेजे गए थे और यह पैसा नाबालिग रिश्तेदार की ओर से भेजे जाने पर परिवार ने उसे फटकार लगाई थी। कथित बेइज्जती और रुपये के विवाद से नाराज होकर आरोपी ने घटना को अंजाम दिया।
घटना के दिन कार्तिक गांव के पास स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर के पास खेल रहा था। उसके फुफेरे भाई ने उसे बहला-फुसला कर विद्यालय परिसर के अंदर ले जाकर पहले मारपीट की और फिर गला दबाकर हत्या कर दी।
बच्चे का शव मिलने के बाद आरोपी दो घंटे तक खोजबीन में शामिल होता रहा, हालांकि उसके आचरण पर परिजनों को शक हुआ और पुलिस ने उससे पूछताछ की। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या और शरीर पर गंभीर चोटें होने की पुष्टि हुई है।
पूरा गांव इस घटना से स्तब्ध और गुस्से में है। पुलिस ने नाबालिग आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ