Hot Posts

6/recent/ticker-posts

चंदौली में समाधान दिवस — अधिकारियों ने सुनीं शिकायतें, जनता ने जताया भरोसा

चंदौली जिले की सभी पांच तहसीलों में सोमवार दोपहर 2 बजे तक संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग चकिया तहसील में मौजूद रहे और फरियादियों की शिकायतें सुनकर त्वरित समाधान व आगे की कार्रवाई का निर्देश दे रहे। सदर तहसील में एसडीएम विजय कुमार द्विवेदी समेत अन्य अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं।


चकिया में जिलाधिकारी के समक्ष करीब 35 मामले जमा हुए, जिनमें मुख्य रूप से भूमि विवाद, पुलिस से संबंधित शिकायतें, वन विभाग व पंचायती राज से जुड़ी समस्याएँ और अन्य नागरिक मुद्दे शामिल थे। कुछ मामलो का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर आगे की जांच व कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।

जिलाधिकारी गर्ग ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोग प्रशासन पर भरोसा कर अपनी समस्याएँ लेकर आते हैं, इसलिए उनका त्वरित व निष्पक्ष निपटान आवश्यक है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि रैंडम जांच में यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ जवाबदेही तय की जाएगी।

जमीन से जुड़े मामलों के लिए जिलाधिकारी ने राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम से रिपोर्ट देने को कहा है। अन्य विभागों के अधिकारियों को भी मौके पर जाकर मामलों की जांच व निस्तारण का आश्वासन दिया गया है।

संपूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साइ, परियोजना निदेशक बीबी सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ