'संवाद चौपाल' में बच्चों को बताए अधिकार और सुरक्षा के उपाय

चन्दौली। विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में चन्दौली पुलिस द्वारा भव्य जागरूकता कार्यक्रम एवं 'संवाद चौपाल' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति, बाल विवाह और मानव तस्करी जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का संकल्प लेते हुए बच्चों एवं आमजन को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनंत चन्द्रशेखर के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी सदर नामेन्द्र कुमार ने की। उन्होंने कहा कि बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति और बाल विवाह जैसे अपराध बच्चों के भविष्य को अंधकारमय बनाते हैं। इन सामाजिक बुराइयों के खिलाफ चन्दौली पुलिस लगातार अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई कर रही है।
कार्यक्रम में बच्चों एवं युवाओं के साथ विशेष 'संवाद चौपाल' आयोजित की गई, जिसमें बाल अधिकार, सुरक्षा और शिक्षा से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा हुई। साइबर सेल की टीम ने ऑनलाइन मानव तस्करी, साइबर अपराध और वित्तीय ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

इस दौरान महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण एवं आपातकालीन सहायता से जुड़े हेल्पलाइन नंबर 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन पुलिस सेवा) तथा 1930 (राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन) की विस्तृत जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चन्दौली पुलिस बाल भिक्षावृत्ति, बाल श्रम और बाल विवाह के विरुद्ध 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर कार्य कर रही है। इन अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस और समाज दोनों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम में बाल श्रम अधिकारी चन्द्रप्रकाश, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के धर्मेन्द्र कुमार सिंह, मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान की शहनाज बानो, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) के प्रभारी निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल रामजी धूसिया, साइबर सेल के हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव, जनपद के सभी थानों के पुलिस बाल कल्याण अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, एनजीओ कर्मियों तथा बड़ी संख्या में बालक-बालिकाओं ने सहभागिता की।