Hot Posts

6/recent/ticker-posts

पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी की भी थमीं सांसें, एक साथ उठी दोनों की अर्थी,अंतिम यात्रा में नम हुईं हर आंखें

चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के शिवगढ़ टिकरवापर गांव में बुधवार को एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। जीवनभर एक-दूसरे का सहारा बने रहे पति-पत्नी का साथ अंतिम सांस तक कायम रहा। पति की रेलवे हादसे में मौत की खबर सुनते ही पहले से बीमार पत्नी भी सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं और कुछ ही घंटों बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मिठाई राम मंगलवार की देर शाम अपनी अस्वस्थ पत्नी इमरती देवी के लिए दवा लेने चतुर्भुजपुर बाजार गए थे। बाजार से लौटते समय सकलडीहा रेलवे क्रॉसिंग पार करते वक्त वह ट्रेन की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल मिठाई राम को स्थानीय लोगों ने तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

पति के निधन की सूचना मिलते ही पहले से बीमार चल रही इमरती देवी गहरे सदमे में चली गईं। परिवार के लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली।

बुधवार को जब एक ही घर से पति-पत्नी की अर्थियां निकलीं तो गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। अंतिम यात्रा में शामिल लोगों की आंखें नम थीं और हर कोई इस मार्मिक घटना से व्यथित नजर आया।

माता-पिता दोनों को एक ही दिन खो देने से उनके पुत्र श्रवण, मनोज, दिनेश, दीपक और रजत सहित पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव के लोगों ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और दिवंगत दंपती को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ