Hot Posts

6/recent/ticker-posts

सावन से पहले चंदौली पुलिस अलर्ट

एसपी ने कालेश्वर महादेव मंदिर का किया निरीक्षण, परखी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश 

चंदौली। आगामी पावन सावन माह को लेकर चंदौली पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को सकलडीहा स्थित ऐतिहासिक श्री कालेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने बताया कि सावन माह के प्रत्येक सोमवार को लगभग 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण (क्राउड मैनेजमेंट) और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस, राजस्व और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उन्होंने मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर के रेलवे स्टेशन के निकट स्थित होने के कारण रेलवे ट्रैक और भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

एसपी ने कहा कि रेलवे सुरक्षा को लेकर जीआरपी के साथ समन्वय स्थापित कर रेलवे लाइन के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर भी अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ ट्रेनों के आवागमन में भी कोई बाधा न आए।



भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की जाएगी। रेलवे अधिकारियों के सहयोग से यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि "सावन का पावन पर्व जनपद चंदौली में पूर्ण सुरक्षा, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।"

चंदौली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि दर्शन के दौरान अनुशासन बनाए रखें, निर्धारित कतारों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि सभी के सहयोग से सावन पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ