Hot Posts

6/recent/ticker-posts

पूर्व विधायक की चेतावनी के बाद हरकत में आया बिजली विभाग

अमड़ा उपकेंद्र का निरीक्षण; लो वोल्टेज से जल्द मिलेगी राहत

धीना (चंदौली)। क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती, लो वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या को लेकर पूर्व विधायक मनोज सिंह की चेतावनी के बाद मंगलवार को विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम अमड़ा 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पहुंची। अधिकारियों ने उपकेंद्र का निरीक्षण कर तकनीकी खामियों का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना के लिए भूमि का चिन्हांकन भी किया। जांच में पाया गया कि उपकेंद्र पर लगे कैपेसिटर की क्षमता पर्याप्त नहीं होने के कारण वोल्टेज में उतार-चढ़ाव और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही एक अतिरिक्त कैपेसिटर लगाया जाएगा, जिससे विद्युत आपूर्ति में सुधार आएगा।

इसी दौरान पूर्व विधायक मनोज सिंह भी उपकेंद्र पहुंचे और अधिकारियों से वार्ता कर क्षेत्रवासियों को शीघ्र राहत दिलाने की मांग की। अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि दो दिनों के भीतर अतिरिक्त कैपेसिटर लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा तथा लगभग 25 दिनों में इसे पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद क्षेत्र में लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या काफी हद तक समाप्त होने की उम्मीद है।

अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि अमड़ा में 132 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इसके शुरू होने के बाद क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति अधिक सुदृढ़ और निर्बाध हो सकेगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता प्रवेश कुमार, अधीक्षण अभियंता जसमीर सिंह (वाराणसी द्वितीय), अधिशासी अभियंता नरेश कुमार, एसडीओ जय सिंह, चीफ टेक्निकल मनोज सोनकर, अधिशासी अभियंता भरत भूषण, अधिशासी अभियंता (टेस्ट) शिवकुमार, एई (मीटर) सियाराम, जेई जवाहर सिंह तथा टेक्नीशियन कमलेश कुमार सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ