चंदौली। थाना चकिया पुलिस ने डकैती और ज्वेलर्स पर जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी आरोपी रोहन पाण्डेय को इलेक्ट्रॉनिक एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2025 को बैरी बाजार स्थित संजय ज्वेलर्स के संचालक जितेन्द्र कुमार दुकान बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में फिरोजपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास बदमाशों ने उन पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और लूट की घटना को अंजाम दिया।
पीड़ित की तहरीर पर थाना चकिया में मु0अ0सं0 230/2025 के तहत धारा 110 व 309(6) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस पहले ही छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी रोहन पाण्डेय फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर रोहन पाण्डेय पुत्र अरविन्द पाण्डेय निवासी गुरेनी, पोस्ट डबरिया, थाना धानापुर, जनपद चंदौली को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, चौकी प्रभारी शिकारगंज उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा तथा आरक्षी अमित कुमार पटेल शामिल रहे। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ