Hot Posts

6/recent/ticker-posts

परिजनों ने शादी से किया इनकार तो प्रेमी जोड़े ट्रेन के आगे कूदे, युवक की मौत, युवती घायल

चंदौली के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र में तुलसी आश्रम रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। शादी के विरोध से आहत प्रेमी युगल ने चलती ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। इस घटना में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है। 

परिजनों के विरोध के कारण उठाया खौफनाक कदम
पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की पहचान गाजीपुर जिले के नूरपुर (नक्सर हाल्ट) निवासी 35 वर्षीय प्रकाश पुत्र मिट्ठू राम के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवती गाजीपुर के ही भक्सी (दिलदारनगर) की रहने वाली 32 वर्षीय काजल पुत्री भीम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों उन्नाव के बांगरमऊ में एक निजी कंपनी में काम करते थे और प्रेम संबंध में थे। वे शादी करना चाहते थे लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। इसी से आहत होकर दोनों ने तुलसी आश्रम स्टेशन के पास पंडित दीनदयाल-पटना रेल रूट पर एक साथ चलती ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। 

घायल युवती का चल रहा इलाज
रात करीब 11 बजे ट्रैक पर शव और घायल महिला को देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया और घायल युवती को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। सकलडीहा के थाना प्रभारी भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि इस संबंध में किसी भी पक्ष से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ