स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर साबिर अली ने बच्चों को वितरित किए पेपर तिरंगे, देशभक्ति के नारों से गूंजा विद्यालय परिसर
धानापुर,चंदौली। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को धानापुर बाजार स्थित दोनों प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों के बीच तिरंगा ध्वज एवं तिरंगा पट्टिका का वितरण किया गया। तिरंगा हाथ में आते ही नन्हे-मुन्ने बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों ने पूरे उत्साह और सम्मान के साथ देशभक्ति के नारे लगाकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
बताते चलें कि समाजसेवी बिपिन रस्तोगी द्वारा पिछले कई वर्षों से स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या यानी 14 अगस्त को अपने सहयोगियों के साथ प्राथमिक विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों के बीच पेपर से बने तिरंगा ध्वज वितरित करने की परंपरा निभाई जा रही है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी 14 अगस्त को ध्वज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस बार समाजसेवी बिपिन रस्तोगी के सहयोगी मोहम्मद फरीद अली एडवोकेट के छोटे भाई साबिर अली ने दोनों प्राथमिक विद्यालयों में पहुंचकर विद्यालय के प्रधानाचार्यों को तिरंगा पट्टिका एवं तिरंगा ध्वज भेंट किया। इसके बाद विद्यालय में कतारबद्ध होकर खड़े बच्चों के बीच पेपर से बने तिरंगा ध्वज का वितरण किया गया।
तिरंगा ध्वज हाथ में पाते ही बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी। छोटे-छोटे हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए पूरे जोश के साथ “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाए। इससे विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बन गया।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि बच्चों के बीच राष्ट्रीय ध्वज का वितरण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनमें देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस तरह के आयोजन बच्चों को देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के बारे में जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ध्वज वितरण के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर बच्चों को तिरंगा देकर उन्हें देशभक्ति से जोड़ना सराहनीय प्रयास है।
कार्यक्रम में सहयोगी के रूप में बिरेन्द्र जायसवाल, धनंजय रस्तोगी, घनश्याम पाण्डेय, डी.के. वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संदेश दिया।
इस दौरान बच्चों की खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। तिरंगा हाथ में लेकर जब बच्चों ने सामूहिक रूप से भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए तो पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।