Hot Posts

6/recent/ticker-posts

चंदौली: स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट काम करने वाली 5 एएनएम-आशाएं होंगी सम्मानित

डीएम ने कहा- गर्भवती महिलाओं का पहली तिमाही में शत-प्रतिशत पंजीकरण कराएं, 20 उपकेंद्रों की जूम मीटिंग से हुई समीक्षा

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को जूम मीटिंग के माध्यम से जिले के 20 उपकेंद्रों पर आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHSND) सत्रों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानी और संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (आरसीएच) तथा सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे। वहीं जिले के 20 उपकेंद्रों की एएनएम, सीएचओ और संबंधित आशा कार्यकर्ताओं ने भी ऑनलाइन प्रतिभाग किया।

जिलाधिकारी ने नियामताबाद पीएचसी के धपरी उपकेंद्र की एएनएम इंदू देवी, नौगढ़ सीएचसी के महागाई उपकेंद्र की एएनएम कल्पना सिंह तथा मझगांवा की एएनएम सर्वजीत सिंह से सीधे संवाद कर उपकेंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने वहां मौजूद लाभार्थियों से भी उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।

डीएम ने सभी एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को ड्यू लिस्ट नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यू लिस्ट के आधार पर गर्भवती महिलाओं और बच्चों को समय से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से सभी गर्भवती महिलाओं का पहली तिमाही में ही शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बेहतर काम करने वालों को मिलेगा सम्मान

जिलाधिकारी ने कहा कि भविष्य में भी जूम मीटिंग के माध्यम से स्वास्थ्य उपकेंद्रों और VHSND सत्रों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में बेहतर कार्य करने वाली पांच एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। इससे स्वास्थ्य कर्मियों में बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (आरसीएच) ने निर्देश दिया कि पहली एएनसी जांच के समय ही गर्भवती महिलाओं के आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उन्हें आरसीएच पोर्टल पर पंजीकृत किया जाए। उन्होंने कहा कि समय से पंजीकरण होने से प्रसव के बाद जननी सुरक्षा योजना की धनराशि का शत-प्रतिशत भुगतान लाभार्थियों के बैंक खाते में बिना किसी बाधा के सुनिश्चित किया जा सकेगा।

अधिकारियों ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं, बच्चों और अन्य लाभार्थियों को स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी और जमीनी स्तर पर उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।