Hot Posts

6/recent/ticker-posts

मुगलसराय में वेंडर को शौचालय में बंद कर पीटा, छुड़ाने गए साथी पर फेंका गर्म तेल

पेंट्रीकार कर्मियों पर मारपीट का आरोप, जीआरपी ने आरोपियों को हिरासत में लिया

रिपोर्ट ! संदीप कुमार बड़ा बाबू 

डीडीयू नगर, चंदौली। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात महानंदा एक्सप्रेस में यात्रियों से खाना का ऑर्डर लेने गए एक वेंडर को पेंट्रीकार कर्मियों ने कथित तौर पर शौचालय में बंद कर पीट दिया। इसकी जानकारी मिलने पर उसे छुड़ाने पहुंचे साथी पर गर्म तेल फेंक दिया गया। तेल की चपेट में आने से वह झुलस गया। घटना के बाद ट्रेन और प्लेटफार्म पर काफी देर तक हड़कंप की स्थिति बनी रही।

डीडीयू स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो स्थित फास्ट फूड स्टॉल पर काली महाल निवासी किशन चौहान काम करता है। शनिवार रात करीब सवा नौ बजे प्लेटफार्म नंबर एक पर महानंदा एक्सप्रेस पहुंची थी। आरोप है कि किशन यात्रियों से खाने का ऑर्डर लेने के लिए ट्रेन में गया था। इसी दौरान पेंट्रीकार कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि मारपीट करने के बाद उसे कोच के शौचालय में बंद कर दिया गया।

किशन ने मोबाइल फोन से अपने साथियों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर सुभाष नगर निवासी विनोद यादव समेत कुछ अन्य वेंडर मौके पर पहुंचे। किशन को छुड़ाने को लेकर पेंट्रीकार कर्मियों और वेंडरों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान आरोप है कि पेंट्रीकार कर्मियों ने विनोद यादव पर गर्म तेल फेंक दिया। गर्म तेल से वह झुलस गया। इस दौरान फास्ट फूड स्टॉल संचालक के साथ भी हाथापाई होने की बात सामने आई है।

घटना के बाद प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों में भी अफरातफरी मच गई। वेंडरों और पेंट्रीकार कर्मियों के बीच विवाद के कारण ट्रेन के कोच में भी हंगामे की स्थिति बनी रही। बताया जा रहा है कि स्टेशन पर वेंडरों और पेंट्रीकार कर्मियों के बीच विवाद की यह पहली घटना नहीं है।

जीआरपी कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले में पेंट्रीकार के आरोपित कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।