धानापुर–गुरैनी चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप; रद्द कर नई पारदर्शी प्रक्रिया की मांग
चंदौली, 25 मई 2026 — गुरैनी व धानापुर की चकबंदी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में भाकपा (माले) और अखिल भारतीय किसान महासभा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के प्रतिनिधि सदर उपजिलाधिकारी को 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मौजूदा चकबंदी रद्द कर नई और पारदर्शी प्रक्रिया की माँग की। भाकपा (माले) के जिला सचिव अनिल पासवान ने आरोप लगाया कि भूमाफियाओं के प्रभाव के चलते अधिकारियों द्वारा किसानों की जमीनें मनमाने तरीके से काटी गईं, तथा स्कूल, आंगनबाड़ी और खेल के मैदान जैसी सार्वजनिक व सरकारी संपत्तियों की खाली भूमि गलत स्थानों पर स्थानांतरित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि गंगा के कटान प्रभावित इलाकों की जमीनों को कानून के अनुसार कम से कम 200 मीटर की दूरी पर रखा जाना चाहिए, परन्तु यहाँ यह नियम लागू नहीं किया गया है और ये जमीनें हर वर्ष कटान से प्रभावित हो रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बिझवल स्थित नवीन परती की जमीन तथा अमर वीर इंटर कॉलेज की अभिलेखित 26 एकड़ भूमि को घटाकर 17 एकड़ दिखाया गया है। अमर वीर इंटर कॉलेज के...