चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में सैयदराजा क्षेत्र के मानिकपुर सानी गांव के निवासी और वरिष्ठ पत्रकार सुनील विश्राम की पत्नी जानकी देवी (42) का सोमवार को ट्रेन में आकस्मिक निधन हो गया। वह बीते दो वर्षों से ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित थीं और मुंबई के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
जानकी देवी अपने पति सुनील विश्राम के साथ मुंबई से पाटलिपुत्र सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12141) के जरिए घर लौट रही थीं। प्रयागराज के पास उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और ट्रेन के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्रकार सुनील विश्राम ने रेलवे पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया है कि इटारसी के बाद ट्रेन का एसी खराब हो गया था, जिससे उनकी पत्नी की हालत ज्यादा खराब हो गई। जानकी देवी आगामी 29 मई को अपनी शादी की सालगिरह मनाने के लिए घर आ रही थीं।
जानकी देवी अपने पीछे दो बेटे चिराग और अनिरुद्ध को छोड़ गई हैं। असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।बलुआ गंगा घाट पर सोमवार को दोपहर में उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके पति सुनील विश्राम ने दी।
अंतिम संस्कार में प्रगतिशील किसान अनिल मौर्य, रामबिलास मौर्य, पिंटू यादव, मुकेश मौर्य, पत्रकार अशोक जायसवाल, सिद्ध प्रकाश मौर्य (पूर्व प्रधान), लालू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ