लखनऊ, 16 फरवरी। संयुक्त किसान मोर्चा और केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आज ग्रामीण भारत बंद व औद्योगिक हड़ताल के समर्थन में भाकपा (माले) के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में शुक्रवार को सड़कों पर उतरे। पार्टी और जनसंगठनों के कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह मार्च निकाला, धरना देकर सभा की और मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ राष्ट्रीय हड़ताल को सफल बनाने में मदद की।
फोटो : भारत जोड़ो न्याय यात्रा को चंदौली के सैय्यदराजा में राहुल गांधी की उपस्थिति में संबोधित करते भाकपा (माले) के राज्य सचिव सुधाकर यादव
राजधानी लखनऊ के इटौंजा में किसान महासभा ने बंद के समर्थन में प्रदर्शन किया। गोरखपुर के मालहनपार में माले कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। आजमगढ़, बलिया, वाराणसी, मिर्जापुर, अयोध्या, सीतापुर, कानपुर, जालौन सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में धरना-प्रदर्शन हुए। प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर एमएसपी की कानूनी गारंटी के लिए कानून बनाने, सार्वजनिक उपक्रमों का निजीकरण रोकने, किसानों के कर्जे माफ करने, चार लेबर कोड को निरस्त करने, न्यूनतम वेतन 26,000 रु प्रति माह देने, मनरेगा को मजबूत करने आदि की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली जा रहे पंजाब के किसानों पर हरियाणा बार्डर पर पुलिस दमन की कड़ी निंदा की।
उधर, राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के आज चंदौली के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने पर सैय्यदराजा में भाकपा (माले) के राज्य सचिव सुधाकर यादव कार्यकर्ताओं और झंडे-बैनर के साथ शामिल हुए। सैय्यदराजा के नेशनल इंटर कॉलेज में न्याय यात्रा की ओर से आयोजित जनसभा को उन्होंने संबोधित किया। अपने संबोधन में माले राज्य सचिव ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकालने के लिए राहुल गांधी को बधाई दी और इंडिया गठबंधन की मजबूती के लिए कंधे-से-कंधा मिलाकर चलने की बात कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार लगातार जनविरोधी नीतियां थोप रही है। किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान, महिला हर तबका परेशान है। महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। गरीबों की बेदखली हो रही है। किसानों की जमीनें छीनी जा रही हैं। आंदोलनकारियों का दमन हो रहा है। नफरत का कारोबार चल रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव हम सब को एकजुट होकर इस सरकार को उखाड़ फेंकना है।
0 टिप्पणियाँ