राबर्ट्सगंज में जिला मुख्यालय पर अनिश्चित कालीन धरना शुरु
अन्य जिलों में मार्च व प्रदर्शन कर प्रतिवाद दिवस मनाया गया और पार्टी इकाइयों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिले के अधिकारियों के माध्यम से भेजा
लखनऊ, 15 जुलाई। भाकपा (माले) ने सोनभद्र पार्टी कार्यालय की अनुचित कुर्की के खिलाफ सोमवार (15 जुलाई) को राज्यव्यापी प्रतिवाद दिवस मनाया। साथ ही, पार्टी कार्यालय की पुनर्बहाली के लिए राबर्ट्सगंज में जिला मुख्यालय पर आज से अनिश्चित कालीन धरना शुरु कर दिया।
प्रतिवाद दिवस मनाने के जरिये पार्टी ने कुर्की की अनुचित कार्रवाई रद्द कर माले जिला कार्यालय को पुनर्बहाल करने और तहसील प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि राबर्ट्सगंज में तीन दशक से भी ज्यादा समय से चल रहे भाकपा (माले) के जिला कार्यालय को 11 जुलाई 2024 को पुलिस बल लगाकर अनुचित तरीके से बेदखल कर दिया गया। नजूल भूमि पर लंबे समय से बने तमाम घरों व भवनों के बीच सिर्फ भाकपा (माले) कार्यालय को निशाना बनाया गया। यह तब किया गया, जब एसडीएम (राबर्ट्सगंज) के पार्टी कार्यालय की कुर्की (145 सीआरपीसी) के आदेश के विरुद्ध जिला जज न्यायालय में अपील विचाराधीन है। इसकी सुनवाई लगातार चल रही है। अंतिम निर्णय अभी आना है। इस बीच तहसीलकर्मियों ने अनावश्यक तेजी दिखाते हुए विपक्षी अपराधियों के साथ मिलीभगत कर यह कार्रवाई की। न सिर्फ कार्यालय के पूरे सामान को सड़क पर करवा दिया, बल्कि पार्टी के बोर्ड, झंडे आदि को फेंकवा दिया। यह निहायत ही मनमानापूर्ण व अपमानित करने की कार्रवाई है।
राज्य सचिव सुधाकर यादव ने बताया कि प्रतिवाद दिवस लखनऊ, बनारस, प्रयागराज, अयोध्या, रायबरेली, चंदौली, मिर्जापुर, भदोही, देवरिया, गोंडा, बस्ती, बलिया, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, गोरखपुर, महाराजगंज, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, कानपुर, मथुरा व अन्य जिलों में मनाया गया।
0 टिप्पणियाँ