चंदौली डीएम व एसपी ने बाबा कीनाराम स्थल का किया निरीक्षण
मेला क्षेत्र में व्यवस्था को लेकर सम्बंधित को दिया आवश्यक निर्देश
चंदौली। जिलाधिकारी निखिल टी.फुंडे व पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे शुक्रवार को संत शिरोमणि अघोराचार्य बाबा कीनाराम स्थल के दौरा पर रहे। आगामी 01 से 03 सितम्बर तक रामगढ़ मठ पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय जन्मोत्सव समारोह के दृष्टिगत मेले में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र का भ्रमण कर निरीक्षण किया है।
साथ ही जन्मस्थली व तपस्थली का निरीक्षण किया। तत्पश्चात बाबा की स्थली पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम और शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए ड्यूटी में लगाये गए समस्त क्षेत्राधिकारी को निर्देश दिया।
एसपी ने बताया कि उपरोक्त मेले में शांति व्यवस्था हेतु पीएसी व पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर 06 क्षेत्राधिकारी, 11 निरीक्षक,109 उपनिरीक्षक, 14 महिला उपनिरीक्षक, 337 मुख्य आरक्षी व आरक्षी, 54 महिला आरक्षी, 27 यातायात पुलिसकर्मी, 1 कम्पनी, 02 प्लाटून पीएसी, अग्निशमन दल, लगाया गया है। मेले में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। मेला परिसर में वाहनों पर प्रतिबंध लगाने के लिए बैरिकेडिंग की गई है।
वहीं मेले में सीसी कैमरे व सादे वेश में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। मेले में भारी भीड़ को देखते हुए मेले परिसर के बाहर दो पहिया तथा चार पहिया वाहन पार्किंग करने का निर्देश दिया। इस सम्बंध में रूट डायवर्जन भी किया गया है।