राज्य मंत्री ने प्रधान राजेश सिंह को अवॉर्ड से सम्मानित किया
चंदौली। जिलाधिकारी निखिल टी फूडे के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें मुख्य अतिथि संजीव गौंड राज्य मंत्री समाज कल्याण अनुसूचित जनजाति कल्याण ने धानापुर विकास खंड के मिर्जापुर ग्राम प्रधान राजेश सिंह को गांव में उत्कृष्ट कार्य करने पर अवॉर्ड देकर सम्मानित किया.
राज्य मंत्री संजीव गौंड ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश विकास की नई रफ्तार पर जा रहा है. विकास व विरासत प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेश चल रहा है. भाजपा गांवों में विकास को मूल एजेंडा मानती है. आज गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का काम किया जा रहा है. गांवों में विकास को अमली जामा पहनाने के लिए प्रधान को जिम्मेदारी दी गई है.
ताकि गांव को सुंदर व स्वच्छ बनाया जा सके. इसके तहत धानापुर विकास खंड के मिर्जापुर गांव में विकास कार्य को अमली जामा पहनाने वाले प्रधान राजेश सिंह को राज्य मंत्री संजीव गौंड ने अवॉर्ड देकर सम्मानित किया.
ग्राम प्रधान व प्रधान संघ अध्यक्ष धानापुर राजेश सिंह ने कहा कि कोई प्रधान ईमानदारी से गांव को विकास की ओर ले जा सकता है. गांव को सुंदर व स्वच्छ बनाना सभी प्रधान की जिम्मेदारी है. मेरी सोच है कि गांव को अधिक से अधिक सुंदर बनाया जाए.
इस मौके पर जिलाधिकारी निखिल टी फूडे, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह,राणा प्रताप सिंह सहित अन्य रहे।