महिलाओं के हितार्थ संरक्षण कानून सम्बन्धी विधिक साक्षरता एवं जागरूकता
चंदौली, 30 जनवरी 2025। माननीय उ० प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा श्रीमान अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जनपद न्यायाधीश, चन्दौली श्री रविन्द्र सिंह के दिशा-निर्देशन में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चन्दौली, श्री विकास वर्मा के द्वारा "विधान से समाधान" के अन्तर्गत महिलाओं के हितार्थ संरक्षण कानून सम्बन्धी विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन ब्लाक सभागार नौगढ़ चन्दौली में आज दिनांक 30.01.2025 को पूर्वान्ह 12:30 से किया गया.
उक्त कार्यक्रम में अध्यक्ष स्थाई लोक अदालत चन्दौली, श्री रामनारायण, जिला प्रोबेशन अधिकारी, चन्दौली, श्री प्रभात कुमार, तहसीलदार नौगढ़ श्री सतीष कुमार एवं खण्ड विकास अधिकारी नौगढ़ श्री अमित कुमार की उपस्थिती में संपन्न हुआ.
सर्वप्रथम जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न व घरेलू हिंसा पर प्रकाश डाला गया. रिसोर्स पर्सन पैनल अधिवक्ता श्री महेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा बाल विवाह पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की. रिसोर्स पर्सन पैनल अधिवक्ता श्री महेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा समान अधिकार कानून पर विशेष जोर देते हुए बताया गया कि समाज में महिलाओं को भी वही अधिकार है जो पुरूषों को है, उनके द्वारा मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्य के बीच एकरूपता बनी रहनी चाहिए.
इसके साथ ही आपसी विवाद को सुलह-समझौता से निस्तारण किये जाने पर चर्चा की गयी तथा आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 08.03.2025 के बारे में भी जानकारी दी गयी। उक्त कार्यक्रम में विधिक सलाहकार सी० डब्ल्यू० सी० धर्मेंद्र सिंह द्वारा महिलाओं की समस्या के संबध में राष्ट्रीय महिला आयोग के विषय पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गयी तथा महिलाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी एवं मानसिक विकास के प्रति सदैव सजग रहने हेतु प्रेरित किया गया.
यह भी बताया गया कि महिला हेल्पलाईन 181 व 1090 जिसका लाभ प्रतिकूल परिस्थितियों में महिलाओं द्वारा उठाया जा सकता है। अन्त में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चन्दौली श्री विकास वर्मा। द्वारा जानकारी दी गयी कि महिलाओं को भी अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए.
उक्त कार्यक्रम में ग्राम्या संस्थान एवं अन्य विभाग के कार्यकत्री एवं आंगनबाडी, आशाबहुए व पी०एल०वी० उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण अधिकारी श्री किशन वर्मा द्वारा किया गया ।