अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे किसान- पिंटू पाल
लाख शिकायत के बाद भी बेपरवाह, जिलाधिकारी से कराया अवगत
चंदौली, किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से मिला और पत्रक सौंपकर अवगत कराया कि आज अधिकारियों की घोर लापरवाही का खामियाजा किसान भुगत रहे हैं. किसानों के लाख शिकायत के बाद भी अधिकारी आजतक बेपरवाह हैं.उनकी सभी समस्याओं की तत्काल जाँच कराकर निस्तारण कराने की मांग किया.
भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल वाराणसी युवा मंडल अध्यक्ष पिंटू पाल के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आज जिलाधिकारी से मिला और पत्रक सौंपकर विन्दुवार अवगत कराया. जो इस प्रकार है:-
1- सलेमपुर और छित्तमपुर गांव को जोड़ने वाली जमुर्ना ड्रेन पर लगी हजारा पाइप ऊपर है जिससे पानी नहीं निकलता है. किसानों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. उक्त ड्रेन के इस पार से उस पार खेतों की जोताई बुवाई करने हेतू ट्रैक्टर आने जाने के लिए पुलिया की अति आवश्यकता है.
2- उकनी बीरमराय गांव के दक्षिण मे गन्दा नाला है. जो बंधी डिवीजन के अंतर्गत आता है. इसपर छलका बनाने की मांग किसान लम्बे समय से करते आ रहे है. लेकिन विभाग द्वारा आज तक नहीं बनाया गया.
3- अतौली गांव मे मेन रोड से निकले लिंक मार्ग पर बनी पुलिया की बाही टूट गई है. जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है.
आरोप लगाया कि उपरोक्त समस्याओं को लेकर किसान लाखों बार सम्बंधित अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं लेकिन उनकी बातों को अनसुना किया गया है. जिसपर जिलाधिकारी ने तत्काल जाँच कराकर समस्या निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।