घण्टे भर जाम में फंसे एसडीएम तो पारा चढ़ा सातवें आसमान
कहा किसी को नहीं छोड़ेंगे, सबको तोड़ेंगे, व्यापारी प्रशासन हो गए आमने सामने
चंदौली, जिले के सकलडीहा बाजार में ज्यादातर व्यापारियों द्वारा अपना सामान सड़क पर रख कर बेचा जाता है। सड़क पर अतिक्रमण होने और खरीदारों की भीड़ होने से किसी भी समय जाम लग जाता है। राहगीरों सहित पढ़ने वाले बच्चों, छोटे बड़े वाहनो व एम्बुलेंस को भी घंटों जाम का झाम झेलना पड़ता है. मामला तो तब गरमा गया जब एसडीएम कुंदन राज कपूर विवादित स्थल पर पहुंचने में घंटों भर जाम के झाम में फंसे रहे।
बता दें कि शुक्रवार को एसडीएम ने राजस्व टीम को नक्शे के अनुसार सड़क के मूल रुप को चिन्हित करने के लिए भेजा। ज़ब जरीब दुकान के अंदर तक गिरने लगी तब व्यापारी तिलमिलाने लगे और राजस्व टीम को कार्य करने में व्यवधान उत्पन्न करने लगे। इसकी जानकारी नायब तहसीलदार ने एसडीएम को दिया।
बाजार से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर तहसील में बैठे एसडीएम को घटना स्थल पर पहुंचने में अतिक्रमण और जाम के कारण घंटे भर लग गया। जाम से जूझते हुए मौके पर पहुंचे, तब तक ब्यापारियों के सामने उन्हें वह चेहरे दिख गये जो कुछ दिन पहले आईजीआरएस समाधान में जिले में प्रथम स्थान आने पर सम्मान करने पहुंचे थे।
व्यापारियों ने संगठन का धौंस दिखाया तो एसडीएम गरजने लगे, कहे किसी को नहीं छोड़ेंगे सबको तोड़ेंगे। सड़क नक्शे में जितनी चौड़ी होगी उतना लिया जायेगा और डॉ अंबेडकर प्रतिमा जहां स्थापित है ठीक उसके पीछे लगाई जाएगी।