नये आपराधिक कानूनों के प्रति चला जागरुकता अभियान
धाराओं व महत्व पर जानकारी,नुक्कड़ नाटक आयोजन
चन्दौली। जनपद के समस्त थानों द्वारा आमजन और छात्र- छात्राओं को नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूक करने हेतु गुरुवार को व्यापक अभियान चलाया गया.
इस दौरान सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख चौराहों, बस अड्डों, बाजारों, विद्यालयों व महाविद्यालयों में आम जनता को जागरूक करने के लिए बैनर, पोस्टर, होर्डिंग्स लगाए गए. साथ ही सरल भाषा में नए कानूनों की प्रमुख धाराओं व उनके महत्व के बारे में जानकारी दी गई.
वहीं विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने उदाहरणों के माध्यम से बताया कि नए कानून कैसे नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करते हैं और अपराध नियंत्रण में सहायक हैं.
विद्यालयों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता एवं पेंटिंग- पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गईं. विद्यार्थियों ने नए कानूनों की जानकारी पर अपने विचार प्रस्तुत किए और समाज में विधिक चेतना फैलाने का संदेश दिया।