चन्दौली। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने अवगत कराया है कि जनपद में 01 नवम्बर 2025 से धान की खरीदारी चालू है और 28 फरवरी तक की जायेगी। किसान अपना धान सुखाकर निर्धारित समय व टोकन के अनुसार धान क्रय केन्द्र पर उपस्थित होकर अपने धान की तौल कराएं तथा कोई भी किसान केन्द्र पर खुले आसमान के नीचे अपना धान गिराकर न जाएं, साथ ही अनुरोध किया रविवार के दिनों में किसान केन्द्रों पर अपने धान की ट्रालियां लेकर न जाएं।
जनपद में कुल 130 धान क्रय केन्द्रों का अनुमोदन जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग द्वारा कराया गया है, जिसमें खाद्य विभाग के 48 धान क्रय केन्द्र, पी०सी०एफ० के 27 केन्द्र, पी०सी०यू० के 36 केन्द्र, यू०पी०एस०एस० के 15 केन्द्र, मण्डी समिति के 02 केन्द्र व भारतीय खाद्य निगम के 02 धान क्रय केन्द्र हैं।
शासन द्वारा जनपद चन्दौली हेतु कुल 225000 मी०टन धान खरीद का लक्ष्य उपलब्ध कराया गया है, जिसके सापेक्ष शनिवार तक कुल 21490 किसानों से 130339.77 मी0टन धान की खरीद की जा चुकी है, जो लक्ष्य का 57.93 प्रतिशत है। कुल खरीद के सापेक्ष राइस मिलर्स को 88259.80 मी०टन धान की डिलीवरी व भारतीय खाद्य निगम के डिपो में 36781.56 मी0टन (61.58 प्रतिशत) फोर्टीफाइड चावल का सम्प्रदान कराया जा चुका है तथा किसानों को 277.13 करोड़ का भुगतान भी उनके आधार लिंक बैंक खाते में किया जा चुका है।
जनपद के किसानों द्वारा उपजाये धान की खरीद को प्राथमिकता देने व बिहार बार्डर से जनपद के भीतर लाये जाने वाले धान के अवैध संचरण को रोकने हेतु जिलाधिकारी महोदय, चन्दौली के द्वारा बिहार बार्डर क्षेत्र (ककरैत, धरौली व नौबतपुर) पर निरन्तर निगरानी बनाये रखने व अवैध संचरण पाये जाने की स्थिति में सम्बन्धित के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करने हेतु उपजिलाधिकारी, मण्डी सचिव व क्षेत्रीय विपणन अधिकारी की संयुक्त टीम का गठन किया गया है।