डबरिया में ट्यूबवेल बदहाल, नाली सफाई हुई नहीं पैसा हजम
ऑपरेटर समय पर आते नहीं, सिंचाई बगैर फसलें सूखने के कगार पर
धानापुर (चंदौली)। क्षेत्र के डबरिया स्थित ट्यूबवेल नंबर 150 MG काफी दिनों से बदहाल पड़ा है और नाली सफाई में भारी लापरवाही होने व ऑपरेटर के समय से न पहुंचने से गेहूं की फसलें सूखने के कगार पर हैं. जिसको लेकर क्षेत्रीय किसान काफी परेशान हैं और उनका आक्रोश दिनोदिन बढ़ता जा रहा है.
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार घंटों घंटों इंतज़ार के बाद भी ऑपरेटर नहीं पहुंचता है, जिम्मेदारों को बार-बार अवगत कराने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया.
ग्राम पंचायत में नाली सफाई का कार्य हुआ ही नहीं है, लेकिन काग़ज़ों में नाली सफाई कार्य पूर्ण दिखा दिया गया है और उसके नाम पर धन निकासी कर ली गई है.
सबसे चिंताजनक स्थिति ट्यूबवेल परिसर की है, जहां अगल-बगल झाड़-झंखाड़ और गंदगी फैली हुई है। रात के समय पानी भरने जाने वाले किसानों को सांप-बिच्छू के काटने का भय बना रहता है. यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है.
किसान बृजराज उपाध्याय, जंग बहादुर उपाध्याय, नीतीश उपाध्याय, मुन्ना उपाध्याय, राजीव उपाध्याय, वीर बहादुर उपाध्याय ने प्रशासन से मांग की है कि नलकूप संख्या 150 MG के नियमित संचालन की व्यवस्था की जाए,ऑपरेटर की स्थायी तैनाती हो, ट्यूबवेल परिसर की तत्काल सफाई कराई जाए तथा नाली सफाई में हुई अनियमितता की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए.
अब देखना यह होगा कि प्रशासन किसानों की इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है?. वहीं भ्रष्टाचार में लिप्त जिम्मेदारों की जांच कर कार्रवाई करता है, कि सरकार के दावे को खोखला साबित कर सरकारी धन का ह्रास करता है।