सकलडीहा पी.जी.कॉलेज में युवा भाषण प्रतियोगिता होगी, सौ से ज्यादा करेंगे प्रतिभाग
चंदौली जिले के सकलडीहा पीजी कॉलेज में आगामी 28 फरवरी 2026 को विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।यह कार्यक्रम भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित होगा। जिसका उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, संसदीय परंपराओं एवं नेतृत्व कौशल से अवगत कराना है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि विकसित भारत युवा संसद युवाओं को राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करने, तार्किक अभिव्यक्ति विकसित करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. जितेंद्र यादव ने जानकारी दी कि इस अवसर पर चंदौली जनपद के सौ से ज्यादा प्रतिभागी युवा भाषण प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसमें से शीर्ष पांच चयनित युवाओं को उत्तर प्रदेश की विधानसभा में भाषण प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्रदान होगा। फिर वहां से चयनित युवा देश की संसद में प्रतिभाग करेंगे।
यह आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संवाद कौशल एवं नेतृत्व क्षमता के विकास में सहायक सिद्ध होगा। 18 से 25 वर्ष के युवा ही इसमें भाग लेंगे। जनपद चंदौली के युवा 27 फरवरी तक माय भारत के पोर्टल पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं।
जिला युवा अधिकारी, नहेरु युवा केंद्र चंदौली श्री कपिलदेव ने आह्वान किया कि जनपद चंदौली के युवा ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लेकर युवा संसद कार्यक्रम को सफल बनाएं।
0 टिप्पणियाँ