आढ़त से पार किए 60 बोरी गेहूं चावल और 20 हजार,10 दिन में दो जगह की वारदात
चंदौली जिले के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के नवागत डेढावल चौकी प्रभारी अजय कुमार शर्मा को चोरों ने सलामी देते हुए मात्र 100 मीटर की दूरी पर एक आढ़त की दुकान से बुधवार-गुरुवार की रात करीब 60 बोरी गेहू, चावल सहित 20 हजार रुपये नगद पार कर दिए।इस चोरी से क्षेत्र में भय का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
मिर्जापुर जिले के कछवा सेमरी निवासी अमन गुप्ता डेढावल चौकी के पास राजेंद्र यादव उर्फ राजू के मकान में किराए का कमरा लेकर आढ़त की दुकान चलाते हैं। बुधवार शाम को अमन रोज की तरह दुकान बंद कर सकलडीहा कस्बा स्थित अपने किराए के मकान में चले गए थे। सुबह आसपास के लोगों ने दुकान के ताले टूटे देखकर उन्हें सूचना दी।
मौके पर पहुंचने पर अमन ने देखा कि दुकान के दोनों ताले गायब थे और शटर का ताला तोड़ दिया गया था। दुकान के अंदर से गेंहू और चावल से भरी बोरियां तथा 20 हजार रुपये नकद गायब थे। अमन गुप्ता ने इस संबंध में पुलिस को लिखित तहरीर दी है।
इस घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि डेढावल चौकी क्षेत्र में 10 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी चोरी है। इससे पहले उकनी वीरमराय गांव में सीआरपीएफ जवान मंगला सिंह के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया था और हजारों की चोरी की थी। मंगला सिंह ने भी चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
ग्रामीणों और दुकानदारों का आरोप है कि पुलिस रात में गश्त नहीं करती, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। उनका कहना है कि चौकी के इतने करीब से भरी बोरियां चोरी हो गईं, जिन्हें वाहन पर लादने में काफी समय लगा होगा। यह घटना पुलिस की सक्रियता और इकबाल पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
ग्रामीणों और दुकानदारों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी की घटना का खुलासा करने की मांग की है। इस संबंध में कोतवाल भूपेंद्र कुमार निषाद ने चोरी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
सुबह जब आसपास के लोगों ने दुकान का ताला टूटा देखा तो दंग रह गया। इसकी सूचना दुकानदार को दी, तो वह मौके पर पहुंचा और पीड़ित दुकानदार ने इस संबंध में पुलिस को लिखित तहरीर दी है। पुलिस चौकी के इतनी करीब हुई इस घटना से क्षेत्र में भय व्याप्त है।
0 टिप्पणियाँ