स्वच्छता के महत्व, कचरा प्रबंधन, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
चंदौली के सकलडीहा पीजी कॉलेज में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत प्रथम एकदिवसीय कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “स्वच्छता अभियान” के माध्यम से विद्यार्थियों एवं ग्रामीण समुदाय में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर किया गया। स्वयंसेवकों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश व्यवहारिक रूप से प्रस्तुत किया। इसके उपरांत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसे महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
रैली में दोनों इकाइयों के स्वयंसेवकों ने स्वच्छता से संबंधित विभिन्न प्रेरक स्लोगन “स्वच्छता ही सेवा है”, “स्वच्छ गाँव, स्वस्थ समाज” आदि लगाते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली महाविद्यालय से निकलकर चिन्हित ग्राम नागपुर एवं इटवा तक पहुँची, जहाँ स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व, कचरा प्रबंधन, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के विषय में जागरूक किया।
विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को स्वच्छ परिवेश के स्वास्थ्य एवं सामाजिक विकास पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी। रैली के उपरांत महाविद्यालय में एक बौद्धिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रोफेसर महेंद्र प्रताप सिंह एवं प्रोफेसर उदय शंकर झा ने स्वच्छता के सामाजिक, नैतिक एवं स्वास्थ्य संबंधी आयामों पर विस्तृत प्रकाश डाला।
उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता को केवल अभियान न मानकर जीवनशैली के रूप में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री श्याम लाल सिंह यादव द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अनिल कुमार तिवारी ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर दोनों इकाइयों के सभी छात्र-छात्राएं सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने न केवल विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ किया, बल्कि ग्रामीण समुदाय में भी स्वच्छता के प्रति सकारात्मक जागरूकता का संचार किया। महाविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरण कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।
0 टिप्पणियाँ