सटीक संवाद, धानापुर (चंदौली): सत्यम चिल्ड्रेन एकेडमी, शहीदगांव में मंगलवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही 'क्षितिज 2026' पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया, साथ ही विद्यालय के हर विद्यार्थी को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष सम्मान दिया गया।
निदेशिका कंचन विद्यार्थी ने बताया कि अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को तो सम्मानित किया ही गया, बल्कि सभी बच्चों को मेडल देकर प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा, "हमारे लिए विद्यालय का प्रत्येक बच्चा विशेष और श्रेष्ठ है। हर बच्चे की अपनी क्षमता होती है और यह मेडल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने तथा भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का छोटा सा प्रयास है।"
अपने बच्चों के हाथों में मेडल और प्रगति पत्र देख अभिभावकों के चेहरे खुशी से चमक उठे। उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक स्तर और बच्चों के सर्वांगीण विकास के प्रयासों की सराहना की, तथा कहा कि स्कूल की यह समावेशी सोच बच्चों के मानसिक विकास के लिए बेहद सकारात्मक है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य रमाशंकर सिंह, तरुण सिंह, अनिल यादव, पवन तिवारी, धनंजय श्रीवास्तव, अनीता पांडेय व पुनीता श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ