Hot Posts

6/recent/ticker-posts

दिल्ली में संघ चैरिटेबल ट्रस्ट ने धम्म यात्रा कर मनाई भगवान बुद्ध की 2570वीं जयंती

दिल्ली, 18 मई — संघ चैरिटेबल ट्रस्ट ने सोमवार को दिल्ली के न्यू कोंडली स्थित करुणा बुद्ध विहार से धम्म यात्रा निकालकर भगवान बुद्ध की 2570वीं जयंती बड़े ही उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मनाई। समारोह में भिक्खु, उपासक-उपासिकाओं और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और समगृहित शांतिपूर्ण मार्च का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत करुणा बुद्ध विहार से हुई जहाँ उपस्थित श्रद्धालुओं ने "बुद्धं शरणं गच्छामि, धम्मं शरणं गच्छामि, संघं शरणं गच्छामि" के जाप से वातावरण को भक्ति-भाव से भर दिया। धम्म यात्रा का उद्घाटन यूनाइटेड पीस कीपर्स फेडरल काउंसिल (UNPKFC) के वैश्विक अध्यक्ष डॉ.अंफिनिता चैचाना द्वारा किया गया।

धम्म यात्रा रेड फॉक्स होटल से प्रारम्भ होकर लेबर चौक, मयूर विहार फेज-3, मान्यवर कांशीराम साहब पार्क और डॉ. अम्बेडकर पार्क कोंडली होते हुए दल्लूपुरा गांव, वसुन्धरा एन्क्लेव तक शांतिपूर्वक आयी। मार्ग में विभिन्न झांकियों के माध्यम से तथागत गौतम बुद्ध, ज्योतिबा फूले, मां सावित्री बाई फूले, बाबासाहेब और मां रमाबाई अम्बेडकर को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम स्थल पर भिक्खुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय भिक्खु संघ के संघनायक भिक्खु करुणानंद महाथेरा ने की, जबकि आशीर्वाद विश्व बौद्ध केंद्र के संस्थापक एवं अध्यक्ष भिक्खु ग्योम्यो नाकामुरा ने प्रदान किया। मुख्य वक्ताओं में भिक्खु कांच्यायन श्रमण और भिक्खु धम्मसेन (महामेवनावा आश्रम, गाजियाबाद) शामिल थे, जिन्होंने अपने प्रवचनों से उपासकों का मन मोहित किया। कार्यक्रम में थाईलैंड मुख्यालय की निदेशक और UNPKFC से जुड़ी मिस रंगसिमा थोंगपंचुंग भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का सांस्कृतिक पक्ष भी समृद्ध रहा। धम्म ज्योति महिला मंडल, धम्म प्रसार महिला मंडल, हर्ष विहार और मां रमाबाई अम्बेडकर संगीत मंडल (कोंडली) ने नाटक और धम्म संगीत के माध्यम से कार्यक्रम को मनमोहक बनाया। कोलकाता से आई कुमारी ओलिविया ने नृत्य प्रदर्शनी के जरिए बुद्ध वंदना प्रस्तुत की, जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा। त्रिरत्न बुद्ध विहार (त्रिलोक पुरी) और डॉ. अम्बेडकर महिला संगीत मंडली (वेस्ट विनोद नगर) की टीमों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

संघ चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों — रूपराम गौतम, सुनहरी लाल, ओ.पी. गौतम (महासचिव, संसद मार्ग डॉ. अम्बेडकर समारोह समिति, दिल्ली प्रदेश), बिजेंद्र गौतम, अरुण बरूआ, आकाश बरूआ, आर.पी. सिंह, सुभाष कुमार, डॉ. वालाजी (बसपा) सहित अनेक सहयोगियों की भूमिका आयोजनों के सुचारू संचालन में उल्लेखनीय रही। आयोजकों ने बताया कि महिला प्रतिभागियों की संख्या पुरुषों से अधिक रही, जो इस धर्म की ओर महिलाओं की बढ़ती सक्रियता का संकेत है। पुलिस प्रशासन ने भी मार्गदर्शन कर यातायात समुचित बनाए रखने में सहयोग दिया।

आखिर में उपस्थित जनसमूह ने तथागत गौतम बुद्ध और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के नाम के जय-जयकार के साथ कार्यक्रम का समापन किया। आयोजकों ने इस आयोजन को करुणा और शांति के संदेश का प्रसार करने वाला बताया और कहा कि भविष्य में ऐसे ही समेकित रूप के कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ